MUZAFFARPUR

गोपालगंज में भाजपा नेता ने की जमकर गुंडई, दलितों से मा’रपीट के साथ की हवाई फायरिंग

गोपालगंज: गोपालगंज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भाजपा के एक स्थानीय नेता पर दलित समुदाय के लोगों के साथ मारपीट और हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी नेता हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

दरअसल मामला गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के कोइनी बाबू टोला गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह किसी बात को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह और संतोष बैठा के भतीजे के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान भाजपा नेता के परिवार के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे संतोष बैठा पर भी हमला किया गया और उनके सिर पर पिस्टल के बट से वार कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान करीब तीन राउंड फायरिंग किए जाने की भी बात सामने आ रही है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

पीड़ित संतोष बैठा का आरोप है कि भाजपा नेता ने अपने राजनीतिक पद और रसूख का धौंस दिखाते हुए इस घटना को अंजाम दिया है। वहीं इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी नेता हथियार लहराते हुए नजर आ रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही मांझागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़ित के बयान पर एफआईआर दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई की और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस पूरे मामले को लेकर सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि मांझागढ़ थाना क्षेत्र के कोइनी गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है, जिसमें एक पक्ष के तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही फायरिंग की घटना की भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.