MUZAFFARPUR

बिहार में ब’दमाशों ने पत्रकार को मारी गो’ली, घा’यल ने इस शख्स पर लगाया आ’रोप

सिवान: बिहार के सिवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात अपराधियों ने एक अखबार के पत्रकार रमेश कुमार सिंह को गोली मार दी. घटना पचरुखी बाजार के भवानी मोड़ के पास उस समय हुई जब पत्रकार अपने गांव जसौली खरग लौट रहे थे.

बाइक पर आए दो बदमाशों ने की फायरिंग

शादी समारोह से लौटने के दौरान भवानी मोड़ से लगभग 100 मीटर आगे बढ़ते ही पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पत्रकार का पीछ करना शुरू कर दिया. अपराधियों ने ओवरटेक कर अचानक फायरिंग कर दी, जिससे पत्रकार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.

पत्रकार का चल रहा है इलाज

आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल पत्रकार को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पत्रकार रमेश कुमार को फेफड़े के दाहिनी ओर गोली लगी है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा अस्पताल पहुंचे और घायल पत्रकार से बातचीत कर मामले की जानकारी ली.

बदमाशों ने क्यों मारी पत्रकार को गोली?

घायल पत्रकार ने बताया कि उन्हें पहले किसी प्रकार की धमकी नहीं मिली थी और हमले की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है. वो अपने दोस्त के साथ एक शादी समारोह में गये थे और वहां से घर लौट रहे थे. पत्रकार ने अपने ही गांव के व्यक्ति पर सुपारी देकर गोली मारने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

क्या कहती है पुलिस

इस पूरे मामले पर एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि शादी समारोह से लौटते वक्त अपराधियों ने पत्रकार को गोली मारी है. ये आपसी रंजिश का मामला हो सकता है. घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है और फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.

पत्रकार समुदाय में रोष

इस घटना ने जिले में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पत्रकारों पर हमला लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार माना जा रहा है. घटना के बाद पत्रकार समुदाय में रोष है और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठ रही है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.