पटना: बिहार की सत्ताधारी पार्टी जेडीयू में इन दोनों सदस्यता अभियान और संगठन चुनाव को लेकर हलचल है. मैराथन बैठकें चल रही हैं. चुनाव आयोग से स्वीकृति के बाद प्रखंड से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक के चुनाव की घोषणा हो चुकी है. आगे राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी चुनाव होना है. 20 फरवरी से जेडीयू में चुनाव शुरू हो जाएगा 8 मार्च को प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा.

20 फरवरी से शुरू होगा संगठन चुनाव
जदयू संगठन का तीन बार चुनाव कराने वाले पूर्व निर्वाचन अधिकारी प्रोफेसर जनार्दन प्रसाद सिन्हा ने बताया कि 20 फरवरी से 23 फरवरी तक प्रखंड स्तर का चुनाव होगा. 1 मार्च को जिला का चुनाव होगा और फिर 8 मार्च को प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा. उसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी करेंगे. उन्होंने कहा कि हम लोगों ने जो तिथि तय की है, वह बिहार चुनाव आयोग से अनुमति ले ली है.

लगातार बैठकों का दौर
संगठन चुनाव को लेकर जेडीयू में इन दोनों हलचल बढ़ी हुई है. लगातार बैठक का दौर चल रहा है. राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के साथ तमाम वरिष्ठ नेताओं के साथ निर्वाचन पदाधिकारी की बैठक हुई है, जिसमें कई दिशा निर्देश दिया गया है. शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से चुनाव कराने के लिए तमाम इंतजाम करने के लिए भी कहा गया है. गोपालगंज के प्रभारी पूर्व एमएलसी सतीश कुमार का कहना है कि समय रहते लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा.

एक करोड़ के लक्ष्य से अभी पीछे
जेडीयू की तरफ से इस बार एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है. 2025 से 2028 तक के लिए यह सदस्यता अभियान चल रहा है. उससे पहले जब संस्था अभियान चला था तो 70 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे पार्टी ने प्राप्त भी कर लिया था लेकिन इस बार पार्टी लक्ष्य से पीछे चल रही है. हालांकि नीतीश कुमार के खास और एमएलसी संजय गांधी का कहना है कि समय रहते लक्ष्य हासिल कर लेंगे.

जेडीयू में हर 3 साल पर संगठन चुनाव
जदयू में हर 3 साल पर संगठन का चुनाव कराने की परिपाटी है. चुनाव आयोग के दिशा निर्देश में ही चुनाव होता है. इस बार भी 3 साल पूरा होने के बाद जदयू में चुनाव हो रहा है. प्रखंड स्तर से लेकर जिला और प्रदेश अध्यक्ष तक जदयू का चेहरा बदल जाएगा. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के पद का चुनाव मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा. जदयू संगठन चुनाव के लिए राष्ट्रीय स्तर से लेकर प्रदेश और प्रखंड स्तर तक के निर्वाचन पदाधिकारी के नाम की घोषणा की गई है. चुनाव प्रभारी भी बनाया गया है. पार्टी के शीर्ष नेताओं के अनुसार शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने की पूरी कोशिश हो रही है. ऐसे पार्टी का मिशन मोड़ में सदस्यता अभियान भी चल रहा है जो 12 फरवरी तक चलेगा. 12 फरवरी तक जो भी प्राथमिक सदस्य बन जाएंगे सब चुनाव में भाग लेंगे.



Leave a Reply