पटना: बिहार इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 का आज तीसरा दिन है. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रथम पाली में विज्ञान संकाय के परीक्षार्थियों के लिए भौतिकी विषय की परीक्षा सुबह 09:30 बजे से 12:45 बजे तक ली जा रही है. वहीं द्वितीय पाली में कला संकाय के परीक्षार्थियों के लिए ज्योग्राफी विषय तथा वाणिज्य संकाय के परीक्षार्थियों के लिए बिजनेस स्टडीज विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी. दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से शाम 05:15 बजे तक चलेगी.

सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम
बोर्ड की ओर से स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए सभी जिलों में व्यापक इंतजाम किए गए हैं. जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास विधि व्यवस्था बनाए रखें.
दो स्तर पर फ्रिस्किंग की व्यवस्था
परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके. परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों की दो स्तर पर फ्रिस्किंग की व्यवस्था की गई है ताकि कोई भी परीक्षार्थी चीट पुर्जा लेकर परीक्षा हॉल में प्रवेश न कर सके.

आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र का गेट बंद
बिहार बोर्ड के अनुसार परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा. ऐसे में सभी परीक्षार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले अपने-अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं.
जबरन प्रवेश करने वाले सावधान!
विलंब से पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि जो परीक्षार्थी देर से पहुंचकर जबरन प्रवेश करने का प्रयास करेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. ऐसे परीक्षार्थियों को 2 वर्ष के लिए बोर्ड की परीक्षाओं से वंचित कर दिया जाएगा.

परीक्षा केंद्र में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट वर्जित
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है. केंद्राधीक्षक को छोड़कर कोई भी पदाधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी या परीक्षार्थी मोबाइल फोन लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं कर सकेगा. इसके अलावा कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन या किसी अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को भी परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाना मना है.
जूता-मोजा पहनकर आने पर रोक
बोर्ड ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे केवल प्रवेश पत्र और आवश्यक सामग्री के साथ ही परीक्षा केंद्र पर आएं. इंटरमीडिएट परीक्षा में परीक्षार्थियों के लिए जूता-मोजा पहनकर परीक्षा हॉल में जाना भी वर्जित है.

सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा
परीक्षा के दौरान कदाचार पर रोक लगाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है. साथ ही दो स्तर पर परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग की जा रही है. बोर्ड ने कहा है कि किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित परीक्षार्थी के खिलाफ बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नकल या नकल कराने वालों पर कठोर दंड का प्रावधान किया गया है.

1762 परीक्षा केंद्र पर हो रही परीक्षा
इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के लिए राज्यभर में कुल 1762 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर 13 लाख से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. पटना जिले में भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं, जिसके लिए अलग-अलग स्कूलों और कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. पटना में कुल 84 परीक्षा केंद्र है. बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने कहा है कि इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की परीक्षा को व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना उसकी प्राथमिकता है.



Leave a Reply