MUZAFFARPUR

लाओ रे कपड़वा दे…बोले और पुलिस के साथ चल दिए अनंत सिंह, गाड़ी में मुस्कुराते हुए पूछा- हम्मर चुनऊआ कइसन रहतई?

बिहार : मोकामा की सियासत गरमाई हुई है। दुलारचंद यादव की हत्या के बाद पुलिस ने बाहुबली नेता और मोकामा से जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अनंत सिंह की गिरफ्तारी शनिवार को देर रात करगिल मार्केट स्थित उनके आवास से हुई। दिन भर चुनाव प्रचार करने के बाद वहां अनंत सिंह अपने कुछ समर्थकों के साथ बैठे थे। तभी वहां पटना से निकली पुलिस की टीम पहुंची। खुद एसएसपी कार्तिकेय शर्मा की नेतृत्व में पटना पुलिस बाढ़ के बेढ़ना पहुंची थी। अनंत सिंह के पास पहुंचने के बाद पुलिस ने कहा कि आप हमारे साथ चलिए…जिसपर अनंत सिंह ने बिना विरोध किए कहा….’जी चलित ही’… लाओ रे, कपड़वा दे….।

हमर चुनऊआ कइसन रहतई’

कपड़ा पहनने के बाद अनंत सिंह पुलिस के साथ रवाना हो गए। अनंत सिंह के साथ उनके समर्थक भी थे। पुलिस वाहन तक अनंत सिंह के साथ उनके समर्थक रहे जिसके बाद अनंत पुलिस वाहन में बैठ गए और पुलिस अनंत सिंह को लेकर पटना के लिए रवाना हो गई। वहीं रास्ते में अनंत सिंह ने पुलिस से मुस्कुराते हुए पूछा कि ‘हमर चुनऊआ कइसन रहतई’? अनंत सिंह को लेकर पुलिस पटना पहुंची और उन्हें पूरी रात रंगदारी सेल में रखा गया। अनंत सिंह को दोपहर बाद एमपीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया जहां से कोर्ट ने उन्हें 14 दिन के न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। चुनाव के बाद अनंत सिंह को पुलिस रिमांड पर लेगी।

मोकामा की जनता लड़ेगी चुनाव

वहीं गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद ही अनंत सिंह के सोशल मीडिया साइट पर एक पोस्ट सामने आया। पोस्ट में अनंत सिंह ने मोकामा की जनता को खास संदेश दिया। उन्होंने लिखा कि, “सत्यमेव जयते….मुझे मोकामा के जनता पर पूर्ण भरोसा है !! इसलिए चुनाव अब मोकामा की जनता लड़ेगी”! अनंत सिंह ने कहा कि अब मोकामा की जनता चुनाव लड़ेगी और विश्वास जताया कि उनकी जीत जरुरी होगी।

6 नवंबर को होगा मतदान 

बता दें कि, गिरफ्तारी से पहले उन्होंने मोकामा में पूरे जोश के साथ चुनाव प्रचार किया था। ज्ञात हो कि मोकामा विधानसभा क्षेत्र में 6 नवंबर को मतदान होना है, जबकि प्रचार 4 नवंबर को समाप्त हो जाएगा। अनंत सिंह के जेल में रहने के दौरान अब उनके पक्ष में प्रचार की जिम्मेदारी उनकी पत्नी और समर्थकों ने संभाल ली है। अनंत सिंह के पक्ष में रैली करने आज केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी मोकामा पहुंच रहे हैं। सूत्रों की मानें तो कल पहले चरण के प्रचार के आखिरी दिन सीएम नीतीश भी मोकामा में चुनावी सभा को संबोधित कर सकते हैं।

दुलारचंद मौत मामले में कार्रवाई 

मालूम हो कि, 30 अक्टूबर को मोकामा के बसावन चक इलाके में अनंत सिंह और जन सुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। दोनों काफिले आमने-सामने आ गए थे। शुरुआत में नारेबाजी और पथराव हुआ, फिर स्थिति बेकाबू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथापाई के दौरान गोली चली और अफरातफरी में 75 वर्षीय दुलारचंद यादव पर एक थार गाड़ी चढ़ा दी गई, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। इसी घटना के बाद पुलिस ने अनंत सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या और आचार संहिता उल्लंघन के मामले दर्ज किए। इसी मामले में अनंत सिंह पर कार्रवाई की गई है।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.