MUZAFFARPUR

बिहार में आज होगी भारी बारिश या रहेगा सूखा, नवंबर में पड़ेगी कड़ाके की ठंड

बिहार : बिहार के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। अक्टूबर के अंत से ही गुलाबी ठंड का एहसास लोगों को हो रहा है। दरअसल, मोंथा तूफान के कारण अक्टूबर के अंत में ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लोगों ने पहली बार ठंडी हवाओं का एहसास किया। नवंबर की शुरुआत के साथ अब मौसम में और बदलाव देखने को मिल रहा है। आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो आमतौर पर सर्दी को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि इस बार इसका खास असर बिहार में दिखाई नहीं देगा।

अधिकतम तापमान में होगी बढ़ोतरी 

मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के पहले सप्ताह में मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। फिलहाल 9 नवंबर तक राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाएगा, जबकि दोपहर में हल्की धूप निकलेगी। राज्य के अधिकतर हिस्सों में आंशिक रूप से बादल रहेंगे और पछुआ हवाएं 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

10 दिनों तक बारिश की संभावना नहीं 

मौसम विभाग की अनुसार नवंबर की शुरुआत हल्की ठंड और कोहरे के साथ हुई। आने वाले 10 दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस होगी। इस बार तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जो सामान्य से करीब 2 से 3 डिग्री अधिक है।

नवंबर के दूसरे सप्ताह में होगी बारिश

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर में आमतौर पर बहुत कम बारिश होती है, लेकिन इस बार हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। दूसरे सप्ताह में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

पिछले साल इसी महीने करीब 10 मिलीमीटर बारिश हुई थी, जबकि इस बार 12 से 15 मिलीमीटर तक वर्षा दर्ज हो सकती है। वहीं, बिहार के पूर्वी और दक्षिणी जिलों में बादल और धुंध का असर अधिक रहेगा, जबकि उत्तर और पश्चिम के इलाके अपेक्षाकृत साफ रहेंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.