पटना: बिहार में साइक्लोन ‘मोंथा’ का प्रभाव आज से पूरे जोर पर दिखाई देगा. मौसम विभाग ने राज्य के 24 जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस प्राकृतिक आपदा से जनजीवन अस्त-व्यस्त होने की आशंका है, जिसके चलते प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं.

राजधानी पटना में रात से झमाझम बारिश
पटना में गुरुवार देर रात से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जो शुक्रवार सुबह तक जारी रहा. मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. इसकी वजह से न्यूनतम तापमान में 3.1 डिग्री और अधिकतम तापमान में 4.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है.

24 जिलों में हवा और बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन 24 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. विशेष रूप से अररिया, किशनगंज, मुंगेर, बांका और सुपौल जिलों के कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है. वहीं, भागलपुर, जमुई, दरभंगा और मधुबनी में एक-दो जगहों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है.

भारी बारिश से प्रभावित का खतरा
बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो रही हैं और यातायात बाधित होने की खबरें आ रही हैं. प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने और अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है. कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

चुनाव प्रचार पर ब्रेक की आशंका
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच यह बारिश राजनीतिक दलों के लिए मुसीबत बन गई है. शुक्रवार को कई जिलों में निर्धारित जनसभाएं रद्द होने की संभावना है. बक्सर में तो कई निजी स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया है. अगले 24 घंटों तक झमाझम बारिश की चेतावनी से प्रचार अभियान पर गहरा असर पड़ेगा.

गुरुवार को 20 जिलों में दर्ज हुई बारिश
गुरुवार को पटना सहित राज्य के 20 जिलों में बारिश हुई, जिसमें पश्चिमी चंपारण में सबसे अधिक 13.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. यह सिलसिला साइक्लोन ‘मोंथा’ के प्रभाव से जुड़ा हुआ है, जो बंगाल की खाड़ी से उठकर बिहार की ओर बढ़ रहा है.



Leave a Reply