MUZAFFARPUR

इंडो-नेपाल बॉर्डर पर पकड़ा गया अमेरिकी नागरिक, भारतीय सीमा में घुसते ही SSB ने दबोचा

पश्चिम चंपारण : पश्चिम चंपारण के बेतिया के मैनाटाड़ थाना क्षेत्र के बभनौली स्थित एसएसबी आउट पोस्ट पर चेकिंग के दौरान साउथ अमेरिका के एक नागरिक को पकड़ा गया। पकड़े गए विदेशी का नाम आस्कर अगास्टो बताया गया है। एसएसबी की प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आस्कर अगास्टो एक महीने के वीजा पर साउथ अमेरिका से नेपाल घूमने के लिए आया था।

एसआई जीडी राजकुमार ने बताया कि बुधवार की सुबह आस्कर अगास्टो नेपाल के बिरगंज से एक व्यक्ति के साथ भारत आया था। उसने उस व्यक्ति को भारत घुमाने के लिए पांच सौ डॉलर दिए थे। मैनाटाड़ क्षेत्र के बसंतपुर सीमा से होते हुए वह भारत में दाखिल हुआ। बाद में मैनाटाड़ में उसकी मुलाकात बस्ठा गांव निवासी मिस्टर मियां नामक युवक से हुई।

आस्कर अगास्टो ने मिस्टर मियां से नेपाल लौटने में मदद मांगी और बदले में सौ रुपये देने की बात कही। मिस्टर मियां उसकी बातों में आकर अपने अपाची बाइक पर बैठाकर नेपाल ले जाने के लिए निकला। दोनों जैसे ही बभनौली के रास्ते एसएसबी चौकी के पास पहुंचे, जवानों को शक हुआ कि बाइक पर बैठा व्यक्ति विदेशी है। चेकिंग के दौरान जवानों ने आस्कर अगास्टो का पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों की जांच की।

प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह नेपाल से गलती से भारत की सीमा में आ गया। इसके बाद एसआई जीडी राजकुमार ने पूरे मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी और विदेशी नागरिक सहित स्थानीय युवक को आगे की कार्रवाई के लिए उनके हवाले कर दिया। एसआई राजकुमार ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और आगे की कार्रवाई वरीय अधिकारी करेंगे।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.