समस्तीपुर: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे सियासी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. इसी कड़ी में समस्तीपुर के रोसड़ा (सुरक्षित) विधानसभा सीट पर चुनावी प्रचार करने पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जोरदार जनसभा को संबोधित किया.

लालू-राबड़ी शासन पर तीखा हमला
रोसड़ा सीट से बीजेपी उम्मीदवार बीरेंद्र कुमार के समर्थन में आयोजित जनसभा में अमित शाह ने लालू-राबड़ी शासन पर सवाल उठाते हुए कई घोटालों का जिक्र किया और राजद पर खूब निशाना साधा. उन्होंने महागठबंधन पर जननायक के नाम की चोरी करने का आरोप लगाते हुए विरोधियों पर चुटकी ली.

14 नवंबर की भविष्यवाणी
जनसभा में उपस्थित भीड़ को संबोधित करते हुए अमित शाह ने भविष्यवाणी की. उन्होंने कहा, “मैंने बिहार के कई जगहों पर चुनावी सभाएं की हैं. क्या आपको 14 तारीख की जानकारी जाननी है? तो मैं बताता हूं. 14 को सुबह 9:00 बजे बैलेट पेपर खुलेगा और दोपहर 1:00 बजे तक लालू-राबड़ी का पूरी तरह से सुपड़ा साफ हो जाएगा.” साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में एनडीए रिकॉर्ड सीटों से जीत हासिल करेगा.

समस्तीपुर की सीटों का हाल
गौरतलब है कि समस्तीपुर जिले की सभी दस विधानसभा सीटों में बीजेपी के दो उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. रोसड़ा (सुरक्षित) और मोहीउद्दीननगर सीट पर दोनों बीजेपी प्रत्याशी अपनी सीटिंग सीट पर दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं.

रोसड़ा विधानसभा सीट
रोसड़ा विधानसभा सीट, जो बिहार के समस्तीपुर जिले में स्थित है, अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित है और मिथिला क्षेत्र के हृदयस्थल में बुदही गंडक नदी के किनारे बसी है. राजनीतिक इतिहास में आरजेडी और बीजेपी का दबदबा रहा है. 2015 में आरजेडी ने 22,733 वोटों के अंतर से जीत हासिल की, जबकि 2020 में बीजेपी के बीरेंद्र कुमार ने 35,744 वोटों की बढ़त से कब्जा जमाया. 2025 चुनाव में बीरेंद्र कुमार दोबारा मैदान में हैं, जहां एनडीए की मजबूत पकड़ के बीच महागठबंधन चुनौती दे रहा है.



Leave a Reply