बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित होने के बाद तेजस्वी यादव कल (शुक्रवार) से अपने तूफानी चुनावी प्रचार अभियान का शंखनाद करने जा रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव पहले दिन 5 विधानसभा सीटों पर धुआंधार रैलियाँ करेंगे।

वे पटना जिले की सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा सीट से अपने प्रचार की शुरुआत करेंगे। पहले दिन की अन्य रैलियाँ दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और वैशाली जिले में होंगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में तेजस्वी यादव का लक्ष्य प्रतिदिन 15 रैलियों को संबोधित करने का है।

राघोपुर समेत 5 विधानसभा सीटों पर रैलियां
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शुक्रवार को हेलिकॉप्टर के जरिए पटना जिले की सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा के सलखुआ प्रखंड में अपनी पहली चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। आरजेडी के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने गुरुवार को बताया कि इसके बाद वे दरभंगा के केवटी में रैयाम चीनी मिल में दूसरी रैली करेंगे। उनकी तीसरी सभा मुजफ्फरपुर जिले की पारू विधानसभा क्षेत्र के आनंदपुर गंगोलिया में होगी। समस्तीपुर जिले में, वे उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र के महंत नारायण दास उच्च विद्यालय रायपुर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

खुद की सीट राघोपुर पर करेंगे कार्यालयों का उद्घाटन
दिन की अंतिम व्यस्तता वैशाली जिले की राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में होगी, जहाँ से तेजस्वी यादव खुद चुनाव लड़ रहे हैं। यहाँ वे बिदुपुर प्रखंड अंतर्गत बिदुपुर बाजार, चकौसन और चकसिकंदर में चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे। राघोपुर को छोड़कर, अन्य चारों विधानसभा सीटों पर वे आरजेडी के उम्मीदवारों के समर्थन में वोट मांगेंगे। राघोपुर में कार्यालय उद्घाटन के बाद वे सड़क मार्ग से पटना वापस लौटेंगे।

छठ के बाद 15 से अधिक रैलियों का ‘धुआंधार’ अभियान
आरजेडी नेताओं के मुताबिक, बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान तेजस्वी यादव प्रतिदिन कम से कम 15 चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे, और किसी-किसी दिन यह संख्या इससे भी अधिक हो सकती है। पार्टी के अंदर वे सबसे अधिक लोकप्रिय चेहरा हैं और सहयोगी दलों के बीच भी उनकी मांग काफी अधिक है।

बताया जा रहा है कि छठ महापर्व के बाद तेजस्वी का यह ‘धुआंधार’ प्रचार अभियान पूरी रफ्तार पकड़ेगा। पिछली बार 2020 के चुनाव में भी तेजस्वी ने सबसे अधिक 263 जनसभाएं की थीं, जहाँ उन्होंने एक दिन में 16 से 18 सभाओं को संबोधित किया था, और लोकसभा चुनाव 2024 में भी उन्होंने 250 से ज्यादा रैलियां की थीं।



Leave a Reply