MUZAFFARPUR

छठ पूजा के लिए भारतीय रेलवे तैयार, दो जोड़ी स्पेशल ट्रेन और 58 ऑटोमेटिक टिकट मशीनों की सुविधा शुरू

बिहार : छठ पूजा के पावन अवसर पर गंगा स्नान को लेकर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए कटिहार रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी पहल की है। मंडल ने कटिहार से मनिहारी के बीच दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके साथ ही, यात्रियों को टिकट बुकिंग काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत दिलाने के उद्देश्य से कटिहार रेल मंडल के 18 रेलवे स्टेशनों पर कुल 58 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन स्थापित की जा रही हैं। इसी क्रम में कटिहार स्टेशन परिसर में चार मशीनों का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक कीरेन्द्र नारह के हाथों किया गया।

शुभारंभ के अवसर पर DRM कीरेन्द्र नारह और DCM संगीता मीणा ने पहली रेल टिकट काटकर इस सुविधा की औपचारिक शुरुआत की। DRM ने बताया कि इस तकनीक से यात्रियों को अनारक्षित टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट तुरंत प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। यात्री इन मशीनों से स्मार्ट कार्ड, सिक्कों या यूपीआई भुगतान के माध्यम से टिकट खरीद सकेंगे।

उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था बेहद उपयोगी साबित होगी। मशीनें टच स्क्रीन आधारित प्रणाली पर कार्य करती हैं और इससे टिकटिंग व्यवस्था में पारदर्शिता और गति दोनों बढ़ेगी।

DRM ने बताया कि छठ पर्व के दौरान नेपाल और पश्चिम बंगाल से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या हर साल अधिक रहती है। इस बार अनुमानित भीड़ को देखते हुए कटिहार-मनिहारी रूट पर दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें आज से शुरू होकर 5 नवंबर तक चलेंगी। इससे छठ घाटों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी।

रेल प्रशासन ने स्टेशन पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी व्यापक तैयारी की है। DRM ने कटिहार स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्मों का निरीक्षण किया और यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्टेशन प्रबंधन को निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान किसी भी स्थिति में यात्री सेवाओं में अव्यवस्था न हो।

 

 

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.