दरभंगा: बिहार विधानसभा चुनाव का प्रचार जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, आरोप-प्रत्यारोप भी तेज होने लगे हैं. कांग्रेस कैंडिडेट ऋषि मिश्रा ने जहां बीजेपी प्रत्याशी जीबेश मिश्रा पर धांधली का आरोप लगाया, वहीं जीबेश मिश्रा ने पलटवार करते हुए कहा कि इस बार आपकी राजनीति हमेशा के लिए खत्म कर दूंगा. इस दौरान उन्होंने स्थानीय और बाहरी का मुद्दा उठाकर ऐसी बात कह दी, जिसको लेकर अब सवाल उठने लगे हैं.

‘किसी मां ने बच्चा पैदा नहीं किया जो..’
जीबेश मिश्रा ने ऋषि मिश्रा के सहरसा जिले के होने के बावजूद जाले विधानसभा सीट से लड़ने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि क्या जाले की किसी मां ने एक भी ऐसा बच्चा पैदा नहीं किया, जो कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सके. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस बार न केवल ऋषि मिश्रा की करारी हार होगी, बल्कि राजनीतिक करियर ही खत्म हो जाएगा.

प्रभारी पर सवाल उठाने पर भड़के
असल में कांग्रेस कैंडिडेट ने बीजेपी के विधानसभा प्रभारी पर सवाल उठाते हुए कहा था कि प्रभारी बेनीपुर विधानसभा क्षेत्र का रहने वाला है, फिर भी यहां रहकर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं. इसी पर पलटवार करते हुए जीबेश मिश्रा ने कहा कि खुद सहरसा जिले के रहने वाले हैं, फिर भी जाले से चुनाव लड़ रहे हैं और हमारे प्रभारी को बाहरी बता रहे हैं.

आरजेडी के सिंबल से लड़ लेते
जीबेश मिश्रा ने कहा कि आरजेडी नेता होने के बावजूद ऋषि मिश्रा कांग्रेस के सिंबल से चुनाव लड़ रहे हैं. अगर उनमें दम होता तो अपने सिंबल पर उतरकर दो-दो हाथ कर लेते. मैं तो आग्रह कर रहा था कि इनको ही टिकट दे दीजिए. आरजेडी से लड़कर अपनी ताकत आजमा लेते.

ऋषि मिश्रा ने लगाए आरोप
इस बीच कांग्रेस कैंडिडेट ऋषि मिश्रा ने जीबेश मिश्रा के प्रचार वाहन को रोककर आरोप लगाया कि गाड़ी से लोगों के बीच घड़ी बांटी जा रही है, जोकि सरासर आचार संहिता का उल्लंघन है. उन्होंने चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की है.




Leave a Reply