MUZAFFARPUR

नामांकन करने पहुंचे RJD उम्मीदवार को झारखंड पुलिस ने किया गिरफ्तार, जानिए क्या है मामला!

सासाराम: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन सासाराम से एक बड़ी खबर सामने आई है. राष्ट्रीय जनता दल के सासाराम विधानसभा सीट से प्रत्याशी सत्येंद्र साह को नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया. इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है. राजद समर्थकों ने इसे भाजपा की साजिश करार देते हुए आक्रोश जताया है.

नामांकन के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

सासाराम जिला मुख्यालय में नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद जैसे ही सत्येंद्र साह बाहर निकले, भारी पुलिस बल ने उन्हें हिरासत में ले लिया. बताया जा रहा है कि सत्येंद्र साह करगहर थाना क्षेत्र के निवासी हैं और उनकी गिरफ्तारी झारखंड के गढ़वा जिले के एक पुराने मामले में हुई है. पुलिस के अनुसार, वर्ष 2004 में गढ़वा में डकैती के एक मामले में गढ़वा न्यायालय ने उनके खिलाफ स्थाई वारंट जारी किया था.

राजद समर्थकों का आरोप

सत्येंद्र साह की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही राजद समर्थक आक्रोशित हो गए. उन्होंने इसे भाजपा की साजिश करार दिया और दावा किया कि यह कार्रवाई राजद प्रत्याशी को चुनावी मैदान से हटाने की सुनियोजित चाल है. समर्थकों का कहना है कि सत्येंद्र साह जनता के बीच लोकप्रिय हैं और इस गिरफ्तारी का मकसद उनकी छवि को धूमिल करना है.

सत्येंद्र साह का बयान

गिरफ्तारी से पहले सत्येंद्र साह ने कहा, “राजद ने मुझ पर भरोसा जताया है और मुझे सासाराम विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है. यह विरोधियों की साजिश है, जिसके तहत मुझे फंसाया जा रहा है, लेकिन जनता का मुझ पर विश्वास है और वह बिहार विधानसभा चुनाव में इसका करारा जवाब देगी.”

रोहतास पुलिस का बयान

रोहतास पुलिस के एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि सत्येंद्र साह की गिरफ्तारी गढ़वा कोर्ट के स्थाई वारंट के आधार पर की गई है. उन्होंने कहा, “सत्येंद्र साह पर गढ़वा थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 395 और 397 के तहत मामला दर्ज है. नामांकन के दौरान मिली सूचना के आधार पर करगहर थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया. अब उन्हें गढ़वा कोर्ट में पेश करने के लिए झारखंड ले जाया जा रहा है.”

राजद के टिकट बदलने का फैसला

राजद ने सासाराम से वर्तमान विधायक राजेश गुप्ता का टिकट काटकर सत्येंद्र साह को उम्मीदवार बनाया है. सत्येंद्र साह पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं उनकी गिरफ्तारी इन्हीं में से एक पुराने मामले में हुई है. इस घटना ने सासाराम में चुनावी माहौल को और गर्मा दिया है.

क्या है आगे की कार्रवाई

रोहतास पुलिस ने बताया कि सत्येंद्र साह को गढ़वा कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. झारखंड पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी गई है. इस घटना ने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान सासाराम सीट पर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है. अब देखना होगा कि इस गिरफ्तारी का राजद के चुनावी अभियान पर क्या प्रभाव पड़ता है.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.