MUZAFFARPUR

जन सुराज कहीं नहीं, बोले उपेन्द्र कुशवाहा- बिहार चुनाव में एक तरफ एनडीए तो दूसरी तरफ महागठबंधन

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में वोटिंग से पहले RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बड़ा बयान दिया है. कुशवाहा ने कहा कि, जनसुराज कहीं नहीं है. उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में सीधा मुकाबला एनडीए और महागठबंधन के बीच है. RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष का बयान प्रशांत किशोर के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने जनसुराज को एनडीए के लिए चुनौती कहा था.

बिहार में जनसुराज कहीं नहीं- उपेन्द्र कुशवाहा

आरएलएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, जैसे महाभारत में पता था कि कौन विजयी होगा, वैसा ही बिहार चुनाव में है. एनडीए पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि बिहार की सियासी जंग में एनडीए और महागठबंधन में सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा. जनसुराज के सवाल पर उन्होंने कहा कि, मुझे जनसुराज कहीं नजर नहीं आ रहा.

क्या था प्रशांत किशोर का दावा?

दरअसल 18 अक्टूबर को जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा था कि 2025 के चुनावी रण में मुख्य मुकाबला एनडीए और जनसुराज के बीच होगा, जबकि बिहार चुनाव में महागठबंधन तीसरे स्थान पर रहेगा. प्रशांत किशोर के दावे पर उपेन्द्र कुशवाहा ने पलटवार किया है.

SIR पर बहुत शोर मचाया, क्या मिला?’

महागठबंधन पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, “उन्होंने SIR पर बहुत शोर मचाया. लेकिन उन्हें क्या मिला?. क्या आज जनता के बीच SIR पर कोई चर्चा भी हो रही है?. ये लोग जनता के बीच मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे थे. जनता ने उन्हें पहले ही नकार दिया था.

कुशवाहा का लालू यादव पर तंज

उपेन्द्र कुशवाहा ने आगे कहा कि, जब लालू प्रसाद यादव 15 साल तक बिहार की सत्ता में थे, तब किसी ने भी दलित को वार्ड सदस्य नहीं बनने दिया. दलित परिवारों की महिलाओं, अति पिछड़े परिवारों की महिलाओं को ही नहीं, बल्कि पुरुषों को भी सदस्य बनने की अनुमति नहीं थी.

नीतीश कुमार की तारीफ में क्या बोले? 

उन्होंने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि, जब नीतीश कुमार ने सत्ता संभाली, तो NDA सरकार ने तुरंत मौजूदा प्रावधानों को बदल दिया. इसका परिणाम यह हुआ कि पिछड़े समुदाय, दलितों का प्रतिनिधित्व बढ़ा है और उन्हें सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है. लालू प्रसाद यादव को ऐसा करने से किसने रोका था?. अब जब सत्ता उनके हाथ से निकल गई है, तो वे फिर से प्रलोभन का सहारा ले रहे हैं. जनता उनकी असली पहचान जानती है.

नीतीश कुमार हमारे मुख्यमंत्री का चेहरा’ 

NDA के मुख्यमंत्री चेहरे के बारे में पूछे जाने पर RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, “नीतीश कुमार हमारे मुख्यमंत्री का चेहरा हैं. बिहार में चुनाव बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जा रहा है। हम चुनाव जीतेंगे.”

RLM के 6 उम्मीदवार लड़ेंगे चुनाव 

बिहार विधानसभा चुनाव में उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी आरएलएम ने 6 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है. जिनमें सासाराम से आलोक कुमार सिंह, मधुबनी से माधव आनंद, पारू से मदन चौधरी, बाजपट्टी से रमेश्वर कुमार महतो, दिनारा से आलोक कुमार सिंह और उजियारपुर से प्रशांत कुमार पंकज को उम्मीदवार बनाया है. बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 6 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होगी, जबकि 14 नवंबर को नतीजे घोषित होंगे.

 

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.