MUZAFFARPUR

पटना सिटी में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़, अवैध रिफिलिंग करते एक गिरफ्तार

पटना : गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इस बार पटना सिटी के सुल्तानगंज इलाके में छापेमारी की गयी और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। 3 घरेलू सिलेंडर को छोटे-छोटे सिलेंडर में अवैध रूप से भरने के आरोप में उक्त व्यक्ति को अरेस्ट किया गया। उसके खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

अवैध ढंग से गैस सिलेंडर की रिफिलिंग और घरेलू गैस का व्यावसायिक रूप में उपयोग के बारे में पटना डीएम को गुप्त सूचना मिली थी। जिसके बाद पटना जिलाधिकारी के निर्देश पर टीम बनाई गयी और पटना सिटी के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहगंज देवी स्थान के पास दुकान में छापेमारी की गयी। मार्केटिंग ऑफिसर और थाना प्रभारी की मौजूदगी में छापेमारी करायी गई।

इस दौरान 3 डोमेस्टिक सिलेंडर को छोटे-छोटे सिलेंडर में अवैध ढंग से भरने के आरोप में मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। सुल्तानगंज थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम (The Essential Commodities Act) एवं द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति और वितरण विनियमन) आदेश के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।

पटना डीएम के निर्देश पर घरेलू एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति एवं वितरण सुनिश्चित करने हेतु सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग एवं तत्पर है। घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए फ्लाईंग स्क्वायड, सेक्टर, जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारियों द्वारा होटलों, ढाबों तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच एवं छापेमारी की जा रही है।

जिलाधिकारी ने पदाधिकारियों को व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू (Domestic) LPG सिलेंडरों के अवैध उपयोग की शिकायत आने पर सख्त विधि-सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.