MUZAFFARPUR

‘जिताइए हमको.. जीत के बाद नीतीश का ही देंगे साथ’, बागी गोपाल मंडल ने बहाए आंसू

भागलपुर: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जेडीयू के चर्चित विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल का टिकट कट गया है. जिसके बाद उन्होंने निर्दलीय ही गोपालपुर सीट से पर्चा दाखिल कर दिया.

वहीं लोगों को संबोधित करते हुए वह न केवल भावुक दिखे, बल्कि फूट-फूटकर रोने भी लगे. अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाने के साथ-साथ ये भी कहा कि अगर कोई गलती हुई है तो वह क्षमा मांगते हैं लेकिन भरोसा कीजिए की जीत के बाद भी वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ ही रहेंगे.

‘जीत के बाद देंगे नीतीश को समर्थन’

मौजूदा विधायक गोपाल मंडल ने कहा कि चुनाव हम जीतेंगे और जीत के ही नीतीश कुमार के पास जाएंगे. जनता से अपील करते हुए कहा कि हमें सही मायनों में समर्थन दें. भले ही किसी और उम्मीदवार को जेडीयू का सिंबल मिल गया लेकिन हमारा मार्गदर्शन जनता के समर्थन से ही तय होगा. हमारा चुनाव प्रचार पूरी ईमानदारी और अनुशासन के साथ होगा, कोई हुड़दंग नहीं होगा.

टिकट कटने पर भड़के गोपाल मंडल

टिकट कटने पर उन्होंने कहा कि पार्टी में दो-चार लोग भूचाल हैं. गोपाल मंडल ने आरोप लगाया कि टिकट के फेरबदल में 3 करोड़ का खेल हुआ है. जेडीयू कैंडिडेट बुलो मंडल को लेकर गोपाल मंडल ने कहा कि उनके सामने कोई चुनौती नहीं है. पहले जेडीयू के सिंबल पर 35 हजार वोट से जीतने के दावे पर उन्होंने कहा कि निर्दलीय लड़ाई में 15 हजार वोटों के अंतर से जीत तय है.

कौन-कौन है उम्मीदवार?

गोपालपुर विधानसभा सीट से एनडीए की तरफ से जेडीयू कैंडिडेट बुलो मंडल चुनावी मैदान में हैं, जबकि महागठबंधन से अभी तक उम्मीदवार तय नहीं हुआ है. वहीं निवर्तमान विधायक गोपाल मंडल भी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन कर चुके हैं.

2020 का परिणाम

2020 विधानसभा चुनाव में गोपाल मंडल ने बतौर जेडीयू कैंडिडेट गोपालपुर सीट पर आरजेडी के शैलेश कुमार को 24,461 मतों के अंतर से हराया था. गोपाल मंडल को 75,533 और शैलेश कुमार को 51,072 वोट मिले थे. वहीं एलजेपी के सुरेश भगत को 23,406 मत प्राप्त हुए थे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.