MUZAFFARPUR

जदयू से सीटिंग सीट मांगते तो भी नहीं देते; संजय झा ने बताया कैसे हुआ NDA में बंटवारा

बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए में हुए सीट बंटवारे पर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से सीटों को लेकर टकराव की बात से इनकार किया।

संजय झा ने हिन्दुस्तान बिहार समागम 2025 में कहा कि सहयोगी दलों ने जेडीयू से सीटिंग सीटें नहीं मांगी थीं। अगर मांगी भी होती तो हम नहीं देते। सिर्फ एक तारापुर सीट भाजपा ने मांगी थी, जिस पर नीतीश कुमार ने सहमति दी थी। उसके बदले में जदयू ने उनकी सीटिंग सीट कहलगांव ली है।

राज्यसभा सांसद संजय झा ने एनडीए में सीट बंटवारे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नाराजगी की अटकलों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर अगर कोई ऐसा बोल भी रहा है तो वह विपक्ष का प्रोपगेंडा चला रहा है। क्योंकि विपक्ष के लोग ही ऐसी बात बोलते हैं।

भाजपा और जदयू के बराबर सीटें मिलने पर नीतीश की नाराजगी की बात से भी उन्होंने इनकार किया। झा ने कहा, “हमने दिल्ली से फोन पर नीतीश से बात की थी। नीतीश ने गो अहेड (आगे बढ़ो) कहा। नाराजगी की जो खबरें चल रही हैं, वे निराधार हैं।” उन्होंने आगे कहा कि नीतीश का भाजपा से रिश्ता 25-30 साल का है। पहले केंद्र में साथ थे, उसके बाद बिहार में 20 साल से साथ हैं।

नीतीश कुमार के नेतृत्व पर बोलते हुए संजय झा ने कहा कि आज भी 20 साल के बाद बिहार में नीतीश पर लोगों का भरोसा है। लोकसभा के चुनाव में कहा जा रहा था कि नीतीश को ज्यादा सीटें क्यों दी गई, रिजल्ट आया तो सब स्पष्ट हो गया। इसी तरह, बिहार चुनाव का नतीजा आने पर भी सब पता चल जाएगा।

जदयू कार्यकारी अध्यक्ष ने प्रशांत किशोर के सवाल पर कहा कि बिहार का चुनाव महागठबंधन और एनडीए के बीच ही होने वाला है। महागठबंधन में सीट बंटवारा नहीं होने पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों में सिंबल देकर छीने जा रहे हैं, एक सीट से दो दल नामांकन कर रहे हैं।

 

 

 

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.