बिहार : बिहार विधनासभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। महागठबंधन में अब तक सीट शेयरिंग को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। हालांकि राजद, कांग्रेस, लेफ्ट और वीआईपी अपने अपने प्रत्याशियों को सिंबल बांट रहे हैं। वहीं अब राजद ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है।

इसमें पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। साथ ही लालू की बेटी रोहिणी आचार्या और सीवान के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। आरजेडी के प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन ने यह सूची मुख्य निर्वाचन आयुक्त को भेजी है।

नाराज रोहिणी भाई के लिए करेंगे प्रचार
स्टार प्रचारकों में सबसे अहम नाम रोहिणी आचार्य का है। दरअसल, पिछले दिनों लालू परिवार के भीतर विवादों के बीच रोहिणी आचार्या सोशल मीडिया पर चर्चा में आई थीं। उन्होंने तेजस्वी यादव के सलाहकार संजय यादव पर तंज कसते हुए पोस्ट साझा किया था और कहा कि उन्हें कोई टिकट नहीं चाहिए, उनका आत्मसम्मान सर्वोपरि है।

जिसके बाद रोहिणी ने सोशल मीडिया से अपने परिवार और पार्टी के सभी लोगों को हटा दिया था। माना जा रहा था कि तेज प्रताप के बाद रोहिणी आचार्य भी पार्टी से दूर हो जाएंगी। हालांकि अब स्टार प्रचारकों में रोहिणी के नाम आने से माना जा रहा है कि रोहिणी की नाराजगी खत्म हो गई है। बता दें कि रोहिणी ने 2024 में राजद के टिकट पर छपरा से लोकसभा चुनाव लड़ा था हालांकि उन्हें राजीव प्रताप रूडी के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

हिना शहाब बने स्टार प्रचारक
वहीं सीवान के बाहुबली रहे शहाबुद्दीन के निधन के बाद उनके परिवार और आरजेडी के शीर्ष नेतृत्व के बीच दूरी बन गई थी। 2024 का लोकसभा चुनाव उनकी पत्नी हिना शहाब ने निर्दलीय लड़ा था, लेकिन वे हार गईं।

विधानसभा चुनाव से पहले लालू-तेजस्वी के साथ उनकी सुलह हो गई और अब रघुनाथपुर से ओसामा शहाब को आरजेडी ने टिकट दिया है। बीते दिन ओसामा ने नामांकन किया। वहीं अब राजद के स्टार प्रचारक में हिना शहाब का नाम भी शामिल है।



Leave a Reply