गोपालगंज: भारतीय जनता पार्टी की सदर विधायक कुसुम देवी ने टिकट न मिलने पर खुलकर नाराजगी व्यक्त की और अपने आंसू नहीं रोक सकीं. जब समर्थक उनसे मिलने उनके आवास पहुंचे तो कुसुम देवी फूट-फूटकर रो पड़ीं. मां के आंसू देख उनके बेटे अंकित भी फफक पड़े. विधायक के समर्थकों में भी भारी आक्रोश देखा जा रहा है.

टिकट नहीं मिलने पर रो पड़ीं कुसुम देवी
टिकट कटने की खबर आते ही सैकड़ों की संख्या में समर्थक विधायक कुसुम देवी के आवास पर इकट्ठा हो गए और पार्टी के फैसले के खिलाफ नारेबाजी की. टिकट कटने के बाद निवर्तमान विधायक कुसुम देवी ने अपने आवास पर समर्थकों के साथ बैठक की. बैठक के दौरान उनकी आंखें भर आई और फूट-फूटकर रोने लगीं.

‘BJP ने की नाइंसाफी’
वहीं अपनी मां को फफक-फफक कर रोता देख बेटे अंकित भी भावुक हो गए. भरी सभा में अंकित रोने लगे, जिससे मौके पर गमगीन माहौल उत्पन्न हो गया. उन्होंने रोते हुए कहा, “पिताजी के गुजरने के बाद भाजपा को हम लोगों ने अपने परिवार की तरह माना, लेकिन भाजपा ने हम लोगों के साथ नाइंसाफी की है.”

समर्थकों में भारी नाराजगी
वहीं समर्थकों ने भाजपा के नेता मिथिलेश तिवारी और दिलीप जायसवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इन दोनों नेताओं ने पैसे लेकर टिकट की हेराफेरी की है, जिसके कारण मौजूदा विधायक का टिकट काट दिया गया.

कुसुम देवी ने भी सीधे तौर पर बैकुंठपुर के पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कुसुम देवी ने कहा कि टिकट देने में पैसे का खेल हुआ है और पैसे के दम पर टिकट की खरीद-फरोख्त की गई है.




Leave a Reply