सिवान: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर नामांकन की प्रक्रिया चल रही है. इसी क्रम में सीपीआई-माले नेता और वर्तमान विधायक सत्यदेव राम नामांकन करने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. इस अप्रत्याशित कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की.

वर्तमान विधायक हैं सत्यदेव राम
महागठबंधन में भले ही सीट बंटवारे की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन महागठबंधन में शामिल सीपीआई-माले ने अपने 18 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है. जिसमें से एक प्रत्याशी सत्यदेव राम हैं. वो दरौली विधानसभा सीट से उम्मीदवार और वर्तमान विधायक हैं.

क्या कहते हैं सतदेव राम”? दरौली विधायक सतदेव राम ने बताया कि दरौंदा रेल रोकने के मामले में केस दर्ज है. अगर ऐसी बात थी तो पहले से मुझे बताना चाहिए था, ताकि मैं बेल करा लेता. उन्होंने कहा कि जानबूझकर मेरे साथ ऐसा किया गया है. हालांकि इसके पहले भी हम जेल से चुनाव लड़ चुके हैं फिर चुनाव लड़ेंगे.

क्या है रेल रोकने का मामला
मिली जानकारी के अनुसार, 2005 में दरौंदा रेलवे स्टेशन पर बिना अनुमति रेल रोको आंदोलन करने के मामले में रेलवे थाना कांड संख्या 36/2005 दर्ज किया गया था. इस मामले में सोनपुर रेलवे कोर्ट के एसीजेएम द्वारा स्थायी वारंट भी जारी किया गया था. इसी वारंट के आधार पर नगर थाना पुलिस ने समाहरणालय परिसर से विधायक सत्यदेव राम को गिरफ्तार किया है.

सीपीआई-माले ने की कड़ी निंदा
विधायक की गिरफ्तारी के बाद सीपीआई माले के राज्य सचिव कुणाल ने कहा कि ये गिरफ्तारी सिर्फ सरकार के इशारे पर हुई है. हम इसकी निंदा करते हैं. ये मामला महागठबंधन और सरकार के बीच टकराव की स्थिति पैदा कर सकता है.



Leave a Reply