छपरा: सुबह-सुबह छपरा-सिवान मुख्य मार्ग (NH-531) पर एक बड़ा हादसा हो गया है. चुनाव ड्यूटी पर जा रहे CISF जवानों से भरी बस को ट्रक ने टक्कर मार दी है.

जिससे हादसे में 25 से अधिक जवान घायल हो गए हैं. घटना सुबह 3 बजे रसूलपुर थाना क्षेत्र के पांडेय छपरा गांव के समीप की है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए.

तुरंत हरकत में स्थानीय प्रशासन
हादसे के संबंध में पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलने के बाद एकमा एडीपीओ राजकुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार, रसूलपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार और एकमा थानाध्यक्ष ध्रुव प्रसाद सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया.

गंभीर घायल जवान छपरा रेफर
घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया. इसके बाद गंभीर रूप से घायल सभी जवानों को एंबुलेंस के जरिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया.

क्या कहते हैं जवान?
जवानों के मुताबिक, टक्कर इतनी भयानक थी कि कई जवान सीट से उछलकर बस की फर्श पर गिर पड़े. बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शीशे टूट गए. 112 पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हमें बस से निकालन में मदद की.

मौके से फरार हुआ ट्रक चालक
फिलहाल सभी घायल जवानों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है. वहीं, ट्रक चालक हादसे के बाद ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया है. जिससे पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.


Leave a Reply