MUZAFFARPUR

मुजफ्फरपुर में अफरा-तफरी, लापता बच्चे संग पकड़ा गया युवक , भीड़ ने की ज’मकर पि’टाई

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब लापता बच्चे के साथ देखे जाने पर लोगों ने एक युवक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। मामला आरडीएस कॉलेज के समीप का है, जहां परिजनों और स्थानीय लोगों ने तीन दिन से गायब बच्चे जीतू कुमार (10 वर्ष) को एक युवक के साथ देखा।

इसके बाद गुस्साई भीड़ ने युवक को घेर लिया और धुनाई शुरू कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर बचाया और थाने ले गई।

जानकारी के मुताबिक, जीतू कुमार मूल रूप से करजा थाना क्षेत्र के बड़कागांव का रहने वाला है और फिलहाल अपने परिवार के साथ सदर थाना क्षेत्र के आरपीएस स्कूल के समीप रहता है। तीन दिन पहले वह अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सदर थाना पुलिस बच्चे की तलाश में जुटी हुई थी।

इसी बीच मंगलवार को लोगों ने जीतू को आरडीएस कॉलेज के पास देखा, जो एक युवक के साथ मौजूद था। संदेह के आधार पर भीड़ ने युवक को पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और युवक की बेरहमी से पिटाई करने लगे। गुस्साई भीड़ को और शक तब हुआ जब युवक बार-बार अपनी पहचान और गांव का नाम छुपाने की कोशिश करता रहा।

हालात बिगड़ते देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं, बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली है।

फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि युवक वास्तव में अपहरण की वारदात में शामिल है या फिर किसी और वजह से बच्चा उसके साथ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

 

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.