MUZAFFARPUR

बिहार चुनाव में सभी मतदान केंद्रों पर होगी वेबकास्टिंग, ECI ने जारी गाइडलाइंस

नई दिल्ली: भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है. यह वेबकास्टिंग इसलिए हो रही है, ताकि चुनावों के संचालन पर कड़ी निगरानी रखी जा सके.

वेबकास्टिंग पर चुनाव आयोग द्वारा जारी संशोधित दिशानिर्देशों के मद्देनजर बिहार देश का पहला राज्य होगा जहां विधानसभा चुनावों में 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग होगी. इससे पहले महत्वपूर्ण मतदान केंद्रों के अलावा 50 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग अनिवार्य थी.

100 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग
जून में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को जारी किए गए वेबकास्टिंग संबंधी अपने रिवाइज गाइडलाइंस में ECI ने सूचित किया कि इंटरनेट कनेक्टिविटी वाले सभी मतदान केंद्रों (100 प्रतिशत मतदान केंद्रों) पर वेबकास्टिंग की जाएगी. हालांकि, जिन क्षेत्रों में इंटरनेट की सुविधा नहीं है, वहां वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की अनुमति दी जा सकती है.

मतदान पैनल ने कहा कि राज्य स्तर, जिला स्तर और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर एक वेबकास्टिंग मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जिसकी देखरेख और निगरानी प्रत्येक स्तर पर नामित नोडल अधिकारी द्वारा की जाएगी.

पहले संवेदनशील मतदान केंद्रों की होती थी वेबकास्टिंग
वेबकास्टिंग का तात्पर्य मतदान केंद्र के भीतर होने वाली घटनाओं का सीधा प्रसारण है. साथ ही मतदान प्रक्रिया की गोपनीयता भी सुनिश्चित की जाती है. इससे पहले जारी दिशानिर्देशों के अनुसार, इसे कम से कम 50 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर लागू किया गया था, जिनमें सभी संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल थे.

12,817 नए मतदान केंद्रों के जुड़ने से बिहार में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 77,895 से बढ़कर 90,712 हो गई है. इसके साथ ही राज्य भर में स्थित सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जाएगी. गौरतलब है कि वेबकास्टिंग के लिए नए दिशानिर्देश जारी होने के बाद, पंजाब और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में विधानसभा उपचुनावों में शत-प्रतिशत मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की गई.

चुनाव आयोग के सूत्रों ने सोमवार को ईटीवी भारत को बताया, “बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों में सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जाएगी. यह देश का पहला राज्य होगा, जहां सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग होगी.”

वेबकास्टिंग संबंधी रिवाइज दिशानिर्देश
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा जारी वेबकास्टिंग संबंधी रिवाइज दिशानिर्देशों के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जाएगी. वेबकास्टिंग संबंधी पिछले दिशानिर्देशों का हवाला देते हुए.

चुनाव आयोग के सूत्रों ने कहा, “पूर्व में महत्वपूर्ण मतदान केंद्रों सहित सभी मतदान केंद्रों के 50 प्रतिशत पर वेबकास्टिंग अनिवार्य थी. संशोधित दिशानिर्देशों के अनुसार अब इंटरनेट सुविधाविहीन क्षेत्रों को छोड़कर, प्रत्येक मतदान केंद्र पर वेबकास्टिंग अनिवार्य है, जहां वीडियोग्राफी की जाएगी.”

बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त होने वाला है. चुनाव आयोग का एक प्रतिनिधिमंडल 4 अक्टूबर से बिहार के दो दिवसीय दौरे पर आएगा. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में अपने प्रतिनिधिमंडल के दौरे के बाद चुनाव आयोग विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.