मुजफ्फरपुर: बिहार के उत्तरी क्षेत्र को सोमवार (29 सितंबर) बड़ी सौगात मिली. सोमवार को मुजफ्फरपुर से पहली अमृत भारतट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली से डिजिटल माध्यम से ट्रेन को रवाना किया.
मुजफ्फरपुर का ऐतिहासिक दिन
इस ऐतिहासिक मौके पर मुजफ्फरपुर जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या-5 पर भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ. मौके पर हजारों की भीड़ उमड़ी और उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. लोग ताली बजाकर और फूल बरसाकर इस उपलब्धि का स्वागत कर रहे थे.
मुजफ्फरपुर से हैदराबाद का सफर आसान
यह ट्रेन मुजफ्फरपुर से सीधे दक्षिण भारत के तेलंगाना राज्य के हैदराबाद (चेलापल्ली) के लिए रवाना हुई. पहली बार उत्तर बिहार के यात्रियों को हैदराबाद जाने के लिए सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध हुई है. अब तक यात्रियों को पहले कोलकाता या दिल्ली होकर जाना पड़ता था, जिसमें समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी. गाड़ी सं. 15293/15294मुजफ्फरपुर-चरलापल्ली-मुजफ्फरपुर अमृत भारत एक्सप्रेस (साप्ताहिक) हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्ससर, डीडीयू, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, काजीपेट के रास्ते चलेगी. गाड़ी सं. 19623/19624 मदार-दरभंगा-मदार अमृत भारत एक्सप्रेस (साप्ताहिक) कमतौल, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, गोमतीनगर, कानपुर, टूंडला, जयपुर के रास्ते चलेगी.

मंगलवार को 10.40 बजे खुलेगी ट्रेन
गाड़ी सं. 15133/15134 छपरा-आनंद विहार-छपरा अमृत भारत एक्सप्रेस (सप्ताह में दो दिन) सिवान, थावे, कप्ताजनगंज, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, ऐशबाग (लखनऊ), कानपुर के रास्ते चलेगी. अमृत भारत का 14 अक्टूबर से नियमित परिचालन होगा. 15293 मुजफ्फरपुर-चरलापल्ली साप्ताहिक अमृत भारत मुजफ्फरपुर से मंगलवार को 10.40 में खुलेगी.
अगले दिन 23.50 बजे चरलापल्ली पहुंचेगी. इसका नियमित परिचालन 14 अक्टूबर से होगा. वापसी में 15294 चरलापल्ली-मुजफ्फरपुर साप्ताहिक अमृत भारत गुरुवार को 4.05 बजे चरलापल्ली से रवाना होगी. अगले दिन 17.00 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी. इसका नियमित परिचालन 16 अक्टूबर से होगा.
छपरा-आनंद विहार अमृत भारत सप्ताह में दो दिन
15133 व 15134 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में 2 दिन चलेगी. हालांकि रेलवे द्वारा नियमित परिचालन को लेकर अबतक तिथि और समय सारणी की घोषणा नहीं की गई है. इसके साथ ही 19623 और 19624 मदार-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस का भी समय सारणी अब तक जारी नहीं हुई है.

अब सीधे ट्रेन से हैदराबाद तक जाना संभव हो गया है. इससे न केवल छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी. इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति विभाग के राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद, विधायक विजेंद्र चौधरी, एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी, मुजफ्फरपुर की मेयर निर्मला साहू और पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे. सभी ने संयुक्त रूप से इस उपलब्धि को बिहार के लिए ऐतिहासिक बताया है.
बिहार को तीन अमृत भारत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी निषाद ने कहा कि बिहार अब हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. चाहे सड़क हो या रेल, दोनों मोर्चों पर लगातार बड़ी सौगातें मिल रही हैं.दरभंगा, छपरा और मुजफ्फरपुर से बिहार को तीन अमृत भारत ट्रेन की सौगात मिली है. इसके अलावा कई लोकल ट्रेनें भी शुरू की गई हैं. इससे राज्य के लोगों की आवाजाही और आसान हो जाएगी. मुजफ्फरपुर जंक्शन पर सुबह से ही यात्रियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी थी. जैसे ही ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई, स्टेशन पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर और नारे लगाकर खुशी का इजहार किया. महिलाओं और युवाओं ने ट्रेन पर फूलों की बारिश कर इसका स्वागत किया. प्लेटफॉर्म पर बच्चों में भी खासा उत्साह दिखा. पहली बार किसी ट्रेन के उद्घाटन को लेकर लोगों ने इसे पर्व की तरह मनाया है.

छात्रों और यात्रियों को बड़ी राहत
इस मौके पर स्थानीय निवासी दिव्यांशु किशोर ने कहा आज मुझे स्टूडेंट लाइफ याद आ गया. जब हम पढ़ाई करते थे तब मुजफ्फरपुर से दक्षिण भारत के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं थी. हमें पहले कोलकाता जाना पड़ता था और वहां से हैदराबाद के लिए ट्रेन पकड़नी पड़ती थी. विशेषज्ञों का मानना हैकि इस नई ट्रेन सेवा से उत्तर बिहार और दक्षिण भारत के बीच व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे. मिठाई, लीची और अन्य स्थानीय उत्पाद अब आसानी से हैदराबाद और दक्षिण भारत के बाजारों तक पहुंच सकेंगे.

वहीं, दक्षिण भारत से आने वाले व्यापारियों और पर्यटकों के लिए भी अब सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध हो गई है.अमृत भारत ट्रेन भारतीय रेलवे की नई श्रेणी की ट्रेन है, जिसे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव देने के लिए डिजाइन किया गया है. यह ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से लैस है. मुजफ्फरपुर से हैदराबाद तक की इस सीधी ट्रेन को बिहार के लिए ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है.




Leave a Reply