पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव होना हैं, लेकिन सियासत दिल्ली में हो रही है. महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर अंतिम फैसला नहीं हो सका है.

कांग्रेस जैसी पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया है. दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई है. बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए.

उम्मीदवारों के नाम पर बनी सहमति
बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा होने में कुछ औरवक्त है लेकिन तमाम दल सीट शेयरिंग को अंतिम रूप दे देना चाहते हैं. महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीट से शेयरिंग को लेकर बेचैनी है. कांग्रेस पार्टी ने सीट शेयरिंग के पहले उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं और सीटों का भी चयन कर लिया गया है. दिल्ली में आयोजित स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर भी सहमति बन गई है.

पार्टी ने 75 से 80 सीटों का किया चयन: दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई. बैठक में अजय माकन के अलावा बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, बिहार प्रदेश के अध्यक्ष राजेश राम, विधायक दल के नेता डॉक्टर शकील अहमद और मदन मोहन झा बैठक में शामिल हुए.बैठक में 75 से 80 सीटों का चयन पार्टी ने किया और तमाम सीटों पर तीन-तीन उम्मीदवारों के नाम रखे गए. किस सीट पर कौन उम्मीदवार सशक्त होगा इस पर भी मोटे तौर पर सहमति बन चुकी है.

सीडब्ल्यूसी उम्मीदवारों के नाम करेगी फाइनल
कांग्रेस पार्टी इस बार वैसे सीटों पर नहीं लड़ना चाहती है, जिस सीट को महागठबंधन या सहयोगी दलों ने कभी ना जीता हो. पार्टी ने लगभग 80 सीट को शॉर्ट लिस्ट किया है. तमाम ऐसी सीटें हैं, जिस पर कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों के नाम भी तय कर लिये हैं.
बिहार प्रदेश को जल्द मिलेगी सूची
पहले हर एक सीट के लिए तीन-तीन उम्मीदवारों के नाम शॉर्टलिस्ट किए गए थे और अब उसमें से एक उम्मीदवार के नाम पर मोहर लग गई है. अब सीडब्ल्यूसी की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगने के बाद सूची बिहार प्रदेश को सौंप दी जाएगी.

अपने शर्तों पर कांग्रेस करेगी समझौता
कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रीय जनता दल पर जल्द सीट शेयरिंग के लिए दबाव बढ़ा दिया है. पार्टी इस महीने के अंत तक सीट शेयरिंग कर लेना चाहती है और अगर ज्यादा विलंब हुआ तो वैसे स्थिति में कांग्रेस पार्टी अपने उम्मीदवार भी घोषित कर सकती है. संकेत साफ है कि कांग्रेस इस बार राष्ट्रीय जनता दल के शर्तों पर समझौता नहीं करेगी.


Leave a Reply