दरभंगा: देशभर में शारदीय नवरात्रि की धूम है और बिहार के दरभंगा में भी गांव-शहर भक्तिमय माहौल से सराबोर हैं. इसी बीच गोविंदपुर गांव में दुर्गा पूजा की तैयारियों के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने त्योहार की खुशियां मातम में बदल दीं.
युवक की टंकी से गिरकर मौत
दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित गोविंदपुर गांव में श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में सजावट के लिए लाइट लगाने का काम चल रहा था. इसी दौरान पानी टंकी पर लाइट लगा रहा युवक अचानक नीचे गिर पड़ा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

मृतक की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान अशोक कमती के बेटे श्याम सुन्दर के रूप में हुई है. बताया गया कि वह श्रीराम जानकी मंदिर, वॉटरवेज कॉलोनी स्थित पानी टंकी पर झालर लगाने का कार्य कर रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया.
मौके पर मची अफरातफरी
घटना के बाद पूजा पंडाल में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बहादुरपुर थाना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया.

परिजनों में मचा कोहराम
जैसे ही परिजनों को हादसे की खबर मिली, पूरे परिवार में कोहराम मच गया. दुर्गा पूजा की खुशियां पलभर में मातम में तब्दील हो गईं. मृतक के घर में रो-रोकर बुरा हाल है.
गांव में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी
इस हादसे ने पूरे गांव और आसपास के इलाकों को गमगीन कर दिया है. श्रद्धा और उल्लास का पर्व अब शोक में बदल गया है. इधर, पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है.




Leave a Reply