MUZAFFARPUR

नवरात्र के पहले दिन बिहार में अनशन पर बैठे शिक्षक, कहा-न्याय दिलाएगी माँ दुर्गा

बिहार : देशभर में दुर्गा पूजा की धूम है, मां दुर्गा की आराधना और श्रद्धा का वातावरण हर ओर दिखाई दे रहा है। लेकिन इसी बीच भागलपुर में प्रारंभिक शिक्षक और शिक्षिकाओं ने अपने अधिकारों की लड़ाई तेज कर दी है। जिले में बड़ी संख्या में शिक्षक अनशन पर बैठ गए हैं।

शिक्षकों का आरोप है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी की मनमानी से 15 शिक्षकों को बिना किसी ठोस कारण निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही कई शिक्षकों का वेतन महीनों से लंबित है, जिससे परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। शिक्षकों का कहना है कि यह उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आक्रोशित शिक्षक और शिक्षिकाएं मां दुर्गा की तस्वीर साथ लेकर धरना स्थल पर बैठे और संदेश दिया कि उनका संघर्ष भी नारी शक्ति, न्याय और सत्य की जीत का प्रतीक है। अनशनकारी शिक्षक शेख इरफान ने कहा कि “हम सिर्फ अपने हक़ की लड़ाई लड़ रहे हैं। प्रशासन का रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।” शिक्षिका प्रिया सिंह ने कहा कि “मां दुर्गा हमें न्याय दिलाएंगी। हम किसी कीमत पर अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे।” वहीं नितेश कुमार यादव ने चेतावनी दी कि “यदि आज ही मांगों पर संज्ञान नहीं लिया गया तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा।”

इस घटनाक्रम के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है। जिलेभर में शिक्षकों के आंदोलन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन क्या रुख अपनाता है और आंदोलन आगे किस दिशा में जाता है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.