MUZAFFARPUR

बिहार के गयाजी स्टेशन पर अफरा-तफरी, कई ट्रेनें रद्द

गया: बिहार के पड़ोसी राज्य झारखंड के पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर कोइरी आदिवासी संघ के नेतृत्व में आरक्षण की मांग को लेकर सुबह से रेल चक्का जाम जारी है. इस आंदोलन के कारण गया, कोडरमा, धनबाद, हावड़ा और रांची की ओर जाने वाली ट्रेनों का परिचालन ठप हो गया है. कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कुछ के रूट डायवर्ट किए गए हैं.

गया स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल

सुबह सात बजे के बाद धनबाद की ओर से आने वाली कोई भी ट्रेन गया स्टेशन नहीं पहुंची, जिससे स्टेशन पर अफरातफरी मच गई. यात्री घंटों से ट्रेनों का इंतजार कर रहे हैं. पितृपक्ष मेले के दौरान आए हजारों तीर्थयात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.

रद्द हुईं प्रमुख ट्रेनें

गया स्टेशन के इंक्वायरी सेंटर प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि 13305 धनबाद-सासाराम इंटरसिटी, 12365 पटना-गया-रांची जनशताब्दी, वंदे भारत एक्सप्रेस और 13553 आसनसोल-बनारस ट्रेन रद्द कर दी गई हैं. जनशताब्दी और वंदे भारत पटना से गया पहुंचीं, लेकिन आगे के लिए इन्हें रद्द कर दिया गया है.

डायवर्ट की गईं ट्रेनें

कई ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए हैं. 12260 दिल्ली दूरंतो एक्सप्रेस को क्यूल रूट पर भेजा गया है, जबकि 12988 अजमेर-सियालदह, 12382 नई दिल्ली-हावड़ा पूर्वा सुपर एक्सप्रेस, 13554 बनारस-आसनसोल मेमू और 09438 सियालदा-गांधीधाम स्पेशल ट्रेन भी डायवर्ट की गई हैं. 22349 पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस गया तक सीमित रहेगी.

ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर फंसीं

आंदोलन के कारण रांची-नई दिल्ली राजधानी चंद्रपुर, धनबाद-सासाराम इंटरसिटी गोमो और पटना-रांची जनशताब्दी मखदूमपुर में फंसी रही. हालांकि, जनशताब्दी अब गया पहुंच चुकी है, लेकिन आगे का परिचालन बंद है.

पितृपक्ष मेले में यात्रियों की परेशानी

पितृपक्ष मेले के कारण गया में लाखों तीर्थयात्री मौजूद हैं. दिल्ली से आए यात्री कृष्ण कुमार झा ने बताया कि उनकी सुपरफास्ट ट्रेन पटना के लिए थी, लेकिन वह सुबह से गया स्टेशन पर फंसे हैं. उनकी फ्लाइट छूटने की आशंका है. उन्होंने सरकार और आंदोलनकारियों से तीर्थयात्रियों की परेशानी पर ध्यान देने की अपील की.

यात्रियों की बढ़ती मुश्किलें

हैदरनगर से आए गौतम प्रसाद ने बताया कि उन्हें जनशताब्दी से बोकारो जाना था, लेकिन ट्रेन रद्द होने से वह गया स्टेशन पर अटक गए. डायवर्ट ट्रेनें भी गोमो तक नहीं जा रही हैं, जिससे उनकी यात्रा मुश्किल हो गई है. सीनियर सिटीजन यात्रियों को पैसेंजर ट्रेनों में भीड़ के कारण खासी परेशानी हो रही है.

रेलवे प्रशासन का प्रयास

गया स्टेशन पर रेलवे प्रशासन माइकिंग के जरिए यात्रियों को ट्रेनों के रूट और रद्द होने की जानकारी दे रहा है. यात्रियों को हो रही असुविधा के लिए रेलवे ने खेद जताया है और स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.