MUZAFFARPUR

मुजफ्फरपुर के केंद्रीय विद्यालय में 6 साल के बच्चे को पोल से उलटा लटकाया, टीचर मां कोर्ट पहुंची

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में केंद्रीय विद्यालय में पढ़ने वाले 6 साल के एक छात्र को रस्सी से बांधकर पोल से उलटा लटका दिया गया। पीड़ित छात्र की मां जो इसी स्कूल में टीचर हैं, उन्होंने इसकी शिकायत स्कूल प्रशासन से की। फिर पुलिस थाने में शिकायत भी दी। जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो मां ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। बच्चे की मांग की ओर से सीजेएम राजकपूर की अदालत में बुधवार को परिवाद दाखिल किया गया है। इसमें अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है।

यह वाकया 19 अगस्त को शाम लगभग सवा 5 बजे गन्नीपुर स्थित केंद्रीय विद्यालय के बाल वाटिका की है। पीड़ित छात्र की मां ने बताया कि वह राजस्थान के सीकर जिले की रहने वाली हैं। वह केंद्रीय विद्यालय में टीचर हैं और स्टाफ क्वार्टर में रह रही हैं। कोर्ट ने परिवाद को सुनवाई पर रखा है।

परिवाद में मां ने बताया कि वह केंद्रीय विद्यालय में दूसरी पाली की शिक्षिका हैं। 19 अगस्त की शाम को वह कक्षा सात (ए) में पढ़ा रही थीं। उसी समय उसे एक छात्र ने उसके पुत्र को प्ले ग्राउंड के ओपन जिम के पोल से उलटा लटकाने की सूचना दी। जब वहां गई तो उसका बेटा पोल से उलटा लटका हुआ मिला। उसे रस्सी से बांधा गया था। विद्यालय के एक स्टाफ उसकी रस्सी खोल कर नीचे उतारा। उस स्टाफ ने मोबाइल से इसका वीडियो भी बनाया।

मां ने बताया कि उसका बेटा काफी डरा हुआ था। उसने बताया कि एक भैया ने उसे उलटा लटकाकर बांध दिया। इसकी सूचना शिक्षिका ने स्कूल के उपप्राचार्य को दी। इसके बाद भी विद्यालय प्रबंधन ने इस घटना पर कोई संज्ञान नहीं लिया। इसके बाद महिला ने 22 अगस्त को काजी मोहम्मदपुर थान में लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। परिवाद में महिला शिक्षक ने आरोप लगाया है कि विद्यालय के प्राचार्य उन पर इस मामले को दबाने का दबाव दे रहे हैं। ऐसा नहीं करने तरह-तरह की धमकी दी जा रही है। यह भी आरोप लगाया है कि इस घटना के संबंध में प्राचार्य ने मीडिया में गलत बयान भी दिया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.