कैमूर : बिहार के कैमूर जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां निगरानी विभाग ने कार्रवाई करते हुए पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल को 60 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है. रिश्वत की रकम उसी कॉलेज के प्रोफेसर के वेतन की निकासी के लिए मांगा था.
प्रोफेसर के वेतन निकासी के लिए की थी मांग
निगरानी विभाग के पुलिस उपाधीक्षक विप्लव कुमार ने बताया कि मोहनिया के मछनहट्टा स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अजय कुमार ने उसी कॉलेज में पदस्थापित एक प्रोफेसर के वेतन की मार्च से अब तक की निकासी के लिए 60 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी. इसी आधार पर निगरानी थाना कांड संख्या 82/25 दर्ज की गई थी.

कार्यालय से टीम ने किया गिरफ्तार
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना की टीम ने सत्यापन किया जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक विप्लव कुमार के नेतृत्व में करीब 10 लोगों की टीम ने प्रिंसिपल को उनके कार्यालय से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.

कैमूर में लगातार हो रही निगरानी कार्रवाई
कैमूर जिले में इससे पहले भी पुलिस अधिकारियों समेत अन्य विभागों के कई अफसरों को निगरानी विभाग रिश्वत लेते हुए पकड़ चुका है. अधिकारियों का कहना है कि अगर जिले के सभी विभागों में लगातार छापेमारी की जाए तो ऐसे और कई मामले सामने आ सकते हैं. फिलहाल बिना शिकायत कार्रवाई संभव नहीं है.
बिहार में घूसखोरी की जड़ें इतनी गहरी हैं कि छोटे से लेकर बड़े विभागों तक बिना रिश्वत दिए काम कराना मुश्किल हो गया है और यही वजह है कि आए दिन निगरानी विभाग की कार्रवाई में अधिकारी और कर्मचारी रंगे हाथ पकड़े जा रहे हैं.




Leave a Reply