MUZAFFARPUR

बिहार के बेरोजगार ग्रेजुएट युवक-युवतियों के खाते में हर महीने नीतीश सरकार डालेगी इतना पैसा, जान लें नियम

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनावी साल में युवाओं को साधने में लगे हैं. एक सप्ताह के अंदर मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए दूसरी बड़ी घोषणा की है. पहले स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड लोन को ब्याज मुक्त कर दिया और उसकी वापसी की अवधि भी बढ़ा दी. वहीं गुरुवार (18 सितंबर) को मुख्यमंत्री ने स्नातक पास युवाओं को 2 साल के लिए 1000 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने का भी बड़ा फैसला लिया है. इस फैसले से लाखों युवाओं को लाभ होगा. मुख्यमंत्री ने इसकी जानकारी एक्स पर पोस्ट करके दी है.

बेरोजगार युवाओं पर नीतीश मेहरबान

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में स्नातक युवाओं के लिए यह बड़ा तोहफा देते हुए लिखा है कि
नवम्बर 2005 में नई सरकार बनने के बाद से ही अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देना और उन्हें सशक्त और सक्षम बनाना हमलोगों की प्राथमिकता रही है.

‘रोजगार के नई अवसर होंगे सृजित’

आप अवगत हैं कि अगले पांच साल में एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. आने वाले समय में सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में नौकरी एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. इस निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे नौकरी/रोजगार प्राप्त कर सकें. नीतीश कुमार ने अपने पोस्ट में आगे लिखा है, “मुझे बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि राज्य सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम अन्तर्गत पूर्व से संचालित मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का विस्तार किया गया है. इसके अन्तर्गत इंटर उत्तीर्ण युवक/युवतियों को पहले से दी जा रही स्वयं सहायता भत्ता योजना का लाभ अब कला, विज्ञान एवं वाणिज्य उत्तीर्ण स्नातक बेरोजगार युवक/युवतियों को भी दिए जाने का निर्णय लिया गया है.

आयु और योग्यता

20-25 आयु वर्ग के वैसे स्नातक उत्तीर्ण युवक/युवतियां जो कहीं अध्ययनरत नहीं हैं तथा नौकरी/रोजगार के लिए प्रयास कर रहे हैं, उनका कोई स्वरोजगार नहीं है अथवा सरकारी, निजी, गैर सरकारी नियोजन प्राप्त नहीं है, को भी 1000 रुपए प्रतिमाह की दर से अधिकतम दो वर्षों तक मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता का भुगतान किया जाएगा.

सीएम ने उम्मीद जताते हुए कहा है, “मुझे उम्मीद है कि इस सहायता भत्ता का उपयोग युवक/युवतियां आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारियों में करेंगे ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके.राज्य सरकार की इस दूरदर्शी पहल का उद्देश्य है कि राज्य के युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर मिले. यहां के शिक्षित युवा आत्मनिर्भर, दक्ष और रोजगारोन्मुखी बनें और देश एवं राज्य के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें.

युवा वोटर को खुश करने की कोशिश

बिहार विधानसभा चुनाव में युवा वोटर सबसे अधिक हैं और जीत हार में उनकी बड़ी भूमिका होने वाली है. सभी दलों की युवा वोटर पर नजर है और इसलिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार युवा वोटर को खुश करने में लगे हैं. पहले एक करोड़ नौकरी रोजगार देने का वादा किया है और उसके बाद एक के बाद एक कई बड़े फैसले युवाओं को लेकर ले रहे हैं. आज मुख्यमंत्री ने जो घोषणा की है यह 20 से 25 साल के युवा के लिए है. मुख्यमंत्री जल्द ही कैबिनेट में भी इसकी स्वीकृति दे देंगे.

चुनावी साल में सरकार मेहरबान

बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कई घोषणाएं कर रहे हैं. इससे पहले 125 यूनिट फ्री बिजली देने का वादा किया था, जिसे पूरा किया गया. सामाजित सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ा दी गई. शिक्षा के क्षेत्र में कई बड़े फैसले लिए गए.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.