MUZAFFARPUR

एक दल के कहने से कुछ नहीं होता; पूरे गठबंधन में सहमति जरूरी; CM फेस पर बोले चिराग पासवान

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सरगर्मी बढ़ती जा रही है। इस बीच एनडीए के सीएम फेस पर केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया चिराग पासवान ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि हर दल के कार्यकर्ता अपने नेता को सर्वोच्च पद पर देखना चाहते हैं।

मगर किसी एक दल के कहने से कुछ नहीं होता है। गठबंधन के अंदर सीएम फेस पर सभी पार्टियों की सहमति जरूरी होती है। आगामी चुनाव में यह सहमति नीतीश कुमार के नाम पर बन गई है। उनके नेतृत्व में ही यह चुनाव लड़ा जाएगा।

चिराग पासवान एक इंटरव्यू में मंगलवार को ये बातें कहीं। दरअसल, लोजपा (रामविलास) के नेता और कार्यकर्ता चिराग पासवान को मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट कर रहे हैं। पटना में हाल ही में इस संबंध में पोस्टर भी लगाए गए। इससे सियासी पारा गर्मा गया। इस पर चिराग ने स्पष्ट करते हुए कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार ही सीएम उम्मीदवार हैं। इसमें कहीं कोई वैकेंसी नहीं है।

 

एलजेपी-आर के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि जब उन्होंने एनडीए में वापसी की थी, तब ही उन्हें पता था कि नीतीश ही मुख्यमंत्री उम्मीदवार होंगे। उनकी फिलहाल मुख्यमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं है। वह बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट पर काम कर रहे हैं। उनकी प्राथमिकता बिहार को विकसित राज्य बनाने की है। बाद के चुनावों में सीएम पद की दावेदारी पर चिराग ने कहा कि उन्होंने अपने और अपनी पार्टी के लिए कई लक्ष्य तय कर रखे हैं। भविष्य का सवाल भविष्य पर रहने दीजिए। अभी हम 2025 के विधानसभा चुनाव की दहलीज पर बैठे हैं। इसलिए भविष्य के सवालों पर बात करने के अभी मायने नहीं हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.