पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को बिहार आ रहे हैं. वह पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे और उसके बाद एक सभा को भी संबोधित करेंगे. उनके दौरे से पहले सूबे में सियासी बयानबाजी तेज हो चुकी है. इस क्रम में आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव ने उन पर तंज कसा है. उन्होंने तंज भरे लहजे में पूछा है कि पीएम मोदी आखिर जमुला सुनाने के लिए फिर कब आ रहे हैं.
‘जमुला सुनाने कब आओगे?’
राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने अपने एक्स हैंडल पर पीएम मोदी की तस्वीर शेयर की है, जिस पर कैप्शन में लिखा है, ‘जमुला सुनाने बिहार कब आओगे?’ असल में लालू समेत आरजेडी के तमाम नेता अक्सर प्रधानमंत्री के बिहार दौरे से पहले इसी तरह के पोस्ट करते हैं और उनको ‘जुमलेबाजी’ से जोड़ते हैं.

जुमले-जी की दुकान- तेजस्वी
पिछली 22 अगस्त को जब पीएम मोदी गया दौरे पर आए थे, तब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इसी तरह का पोस्ट किया था. उन्होंने प्रधानमंत्री के चेहरे का कार्टून बनाकर लिखा था, ‘गयाजी में लगी है जुमले-जी की दुकान. प्रसिद्ध जुमले की दुकान. हर वादे के जुमला होने की 100% गारंटी.’ इस पोस्ट में आरजेडी नेता ने सालाना 2 करोड़ नौकरी, महिला सुरक्षा, 15 लाख रुपये और विकास को पीएम का जुमला करार दिया.
तेजस्वी पर केस दर्ज
उस पोस्ट के कारण तेजस्वी यादव कानून पचड़े में फंस गए हैं. उनके खिलाफ बीजेपी नेताओं ने महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में शिकायत दर्ज कराई है. उन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान का आरोप लगाया गया है. हालांकि मुकदमा दर्ज होने के बाद तेजस्वी ने तल्ख लहजे में कहा कि न तो उनके पिता लालू यादव कभी केस-मुकदमे से डरे और न तो वह ऐसी एफआईआर से डरने वाले हैं.
तेजस्वी का डबल इंजन सरकार पर हमला
वहीं तेजस्वी यादव ने पटना में आरजेडी नेता की हत्या को लेकर एनडीए सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में लगातार हत्या, लूट, डकैती और बलात्कार की घटनाएं बढ़ गई है. पूर्व डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि अपराध सत्ता के संरक्षण में हो रहा है.
15 सितंबर को बिहार आएंगे पीएम
प्रधानमंत्री 15 सितंबर को पूर्णिया दौरे पर आ रहे हैं. जहां वह पूर्णिया हवाई अड्डा का शुभारंभ करेंगे. इसके साथ हजारों करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इस दौरान पीएम मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. उनके साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य मंत्री भी मौजूद रहेंगे.
Leave a Reply