बिहार: बिहार को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले देश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस स्लीपर ट्रेन मिलने जा रही है। यह ट्रेन पटना-दिल्ली रूट पर चलाई जाएगी। रेलवे ने इसी महीने यानी सितंबर अंत तक दिल्ली और पटना के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, इस ट्रेन से दोनों शहरों के बीच की दूरी महज साढ़े 11 घंटे में तय की जा सकेगी। पटना से यह ट्रेन रात 8 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह साढ़े 7 बजे दिल्ली पहुंचा देगी।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रात्रि के दौरान लंबी दूरी की यात्रा के लिए डिजाइन की गई है। पटना से दिल्ली के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का टाइम टेबल भी लगभग तय हो गया है। रेलवे सूत्रों के अनुसार यह ट्रेन पटना से रात में खुलेगी और बक्सर, आरा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) और कानपुर होते हुए सुबह दिल्ली पहुंच जाएगी। इससे पटना, आरा, बक्सर और आसपास के जिलों के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में सुविधा होगा।

डिब्रूगढ़ राजधानी से भी एक घंटा कम समय में सफर पूरा होगा
बताया जा रहा है कि रेलवे जल्द ही पटना-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस स्लीपर ट्रेन का टाइम टेबल जारी करेगा। इसके स्टोपेज ज्यादा जगहों पर नहीं होंगे। माना जा रहा है कि पटना-दिल्ली के बीच यह सबसे कम समय में सफर पूरा करने वाली ट्रेन होगी। इस रूट पर अभी डिब्रूगढ़ राजधानी सबसे कम समय लेती है, जो दोनों शहरों के बीच का सफर लगभग साढ़े 12 घंटे में पूरा करती है। अन्य सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनों में 14 से 20 घंटे तक का समय लगता है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया राजधानी एक्सप्रेस, दुरंतो जैसी प्रीमियम ट्रेनों से थोड़ा ज्यादा रहने की संभावना है।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सफर होगा खास
रेलवे अधिकारियों के अनुसार वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कई तरह की आधुनिक सुविधाएं मिलने वाली हैं। इस ट्रेन की विशेषताएं इसे यात्रियों के लिए खास बनाती है। इसमें कवच एंटी-कोलिजन सिस्टम, क्रैश-प्रूफ कोच और सीसीटीवी कैमरों जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा बायो-वैक्यूम शौचालय, यूएसबी चार्जिंग पॉइंट और रीडिंग लाइट आदि से यात्रियों का सफर सुविधाजनक बनेगा।



Leave a Reply