MUZAFFARPUR

‘नेपाल में रहने वाले भारतीयों की चिंता करने की जरूरत नहीं’, बोले पीयूष गोयल- घटनाक्रम पर सरकार की पैनी नजर

पटना: ‘जेन-जी आंदोलन’ की वजह से पड़ोसी देश नेपाल में उथल-पुथल मचा हुआ है. जबरदस्त हिंसा और आगजनी के बाद अब हालात धीरे-धीरे सामान्य होते नजर आ रहे हैं. हालांकि अभी भी वहां रह रहे भारतीय चिंतित हैं और घर लौट रहे हैं. पूरे घटनाक्रम पर भारत सरकार की भी पैनी नजर है. वहीं बिहार दौरे पर आए मोदी सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारतीयों को चिंता करने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि हमारा तो ऐसा ट्रैक रिकॉर्ड रहा है कि हम बड़े-बड़े युद्ध के बीच से भी अपने लोगों को निकालकर लाए हैं.

नेपाल की घटना पर सरकार की नजर

पीयूष गोयल ने कहा कि नेपाल की घटना पर भारत सरकार की पूरी नजर है. कल भी वहां मौजूद भारतीय राजदूत से उनकी बातचीत हुई है. उन्होंने कहा कि हमने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है. जिस किसी के साथ कोई परेशानी हो, वह उस नंबर पर संपर्क कर सकता है और वहां की एंबेसी उसकी सहायता के लिए मौजूद होगी. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अपने लोगों को वापस लाने में हमारा शानदार ट्रैक रिकॉर्ड रहा है. युद्ध के बीच से हम अपने लोगों को सुरक्षित निकालकर लाए हैं.

‘जल्द बहाल होगी शांति-व्यवस्था’

मोदी सरकार के मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि जल्द से नेपाल में स्थिति सामान्य होगी. उन्होंने कहा कि जल्दी से जल्दी से वहां शांति बहाल हो और व्यवस्था पटरी पर लौटे, ऐसी हम आशा करते हैं. हमारी सरकार पूरे घटनाक्रम पर निगरानी रख रही है.

राहुल-तेजस्वी पर हमला

पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पीयूष गोयल ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की लेकिन इन दोनों नेताओं ने माफी नहीं मांगी. सच तो यही है कि ये लोग महिलाओं का सम्मान नहीं करते।

नीतीश के सामने कोई नहीं टिकेगा

वहीं तेजस्वी यादव की सीएम उम्मीदवारी पर कांग्रेस की ना नुकुर पर तंज कसते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर नाम का ऐलान हो भी जाएगा तो भी कुछ नहीं बदलेगा, क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने कोई नहीं टिकने वाला है. उन्होंने कहा कि इस बार भी बिहार में एनडीए की ही सरकार बनेगी.

बिहार को मिले दो बड़े प्रोजेक्ट

पीयूष गोयल ने कहा कि केंद्र की सरकार ने बिहार को दो प्रोजेक्ट दिए हैं. मोकामा से मुंगेर फोरलेन सड़क को स्वीकृति दी गई है. इसके अलावे भागलपुर से दुमका तक सड़क को स्वीकृति मिल गई है. इन दोनों योजनाओं पर कुल 4447 करोड़ रुपये खर्च होंगे. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में बिहार तेजी से विकास कर रहा है, इसलिए जनता एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार को ही चुनेगी, अब कभी ‘जंगल राज’ की वापसी नहीं होगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.