गया: बिहार के गयाजी में पितृपक्ष मेला चल रहा है. इस दौरान आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव अपने परिवार के साथ अपने पूर्वजों का पिंडदान करने पहुंचे. उनके साथ पत्नी राबड़ी देवी, पुत्र तेजस्वी यादव और बहू राजश्री भी थीं. लालू यादव ने अपने पूर्वजों के मोक्ष की कामना के लिए पिंडदान का कर्मकांड किया.
विष्णुपद मंदिर में पिंडदान का कर्मकांड
विष्णुपद मंदिर के 16 वेदियों के पास अपने समस्त पितरों के लिए पिंडदान किया. इसके बाद मंदिर में पूजा-अर्चना की. गयापाल पंडा छोटू गुपुत ने बताया कि लालू यादव सपरिवार इस पवित्र स्थल पर पहुंचे और अपने पूर्वजों के मोक्ष के लिए पूजा-अर्चना की.

पहली बार पूरा परिवार एक साथ गयाजी में
तेजस्वी यादव ने बताया कि यह पहला मौका है जब उनका पूरा परिवार एक साथ गयाजी आया है. उन्होंने कहा कि उनके पिता लालू यादव की तबीयत ठीक नहीं है, लेकिन उनकी इच्छा थी कि वे भगवान विष्णु के दर्शन करें और पिंडदान करें.
लालू यादव का दूसरा गया दौरा
पिंडदान के कर्मकांड को संपन्न कराने वाले पंडा शंभू नाथ बगीचा वाले ने बताया कि लालू यादव इससे पहले रेल मंत्री रहते हुए भी गया जी आए थे और पिंडदान किया था. इस बार वे दूसरी बार यहां पहुंचे. उन्होंने पंडा जी के बही खाते में दस्तखत भी किए, जिसमें उनके साथ आए परिवारजनों का विवरण दर्ज है.

सियासी बयानबाजी का दौर शुरू
लालू यादव के गया दौरे पर सियासत भी गर्म हो गई है. राजद के बोधगया विधायक और पूर्व मंत्री कुमार सर्वजीत ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि लालू यादव सपरिवार विष्णुपद मंदिर पहुंचे, जबकि पीएम मोदी यहां केवल सभाएं करने आते हैं और चले जाते हैं.
तेजस्वी – बिहार हो अपराधमुक्त
तेजस्वी यादव ने अपने बयान में कहा कि वे चाहते हैं कि बिहार के लोग महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से मुक्ति पाएं. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जो कहती है, वही करती है. साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी माई-बहन योजना से घबराकर अब सरकार 10 हजार रुपये बांट रही है.

गया जी में पिंडदान का महत्व
गया जी को हिंदू धर्म में मोक्ष की नगरी माना जाता है, जहां पितरों के लिए पिंडदान करने से उनके मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है. लालू यादव और उनके परिवार का यह दौरा न केवल धार्मिक, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक दृष्टिकोण से भी चर्चा में रहा. इस मौके पर उन्होंने बिहार और देश की समृद्धि की कामना भी की.



Leave a Reply