पटना: आज उपराष्ट्रपति का चुनाव हो रहा है. ऐसे में बिहार विधानसभा में नेता प्रपितक्ष तेजस्वी यादव ने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी को अपना समर्थन दिया है. उन्होंने कहा कि हमलोग सुदर्शन साहब का पूरा समर्थन कर रहे हैं. पूरा महागठबंधन इन्हें समर्थन कर रहा है. उम्मीद है कि उनकी जीत होगी.
गयाजी में लालू परिवार
दरअसल, तेजस्वी यादव अपने पिता लालू यादव के साथ गयाजी में पिंडदान करने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान मीडिया के सवाल पर उन्होंने उपराष्ट्रपति चुनाव पर अपना जवाब दिया.

6 बजे तक मतदान
बता दें कि देश में उपराष्ट्रपति को लेकर मंगलवार को वोटिंग हो रही है. संसद भवन में मतदान की प्रक्रिया अपनायी जा रही है. इसबार एनडीए से सीपी राधा कृष्णन और इंडिया गठबंधन से पूर्व जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी उम्मीदवार हैं. संसद में 542 लोकसभा और 239 राज्यसभा सांसद मतदान कर रहे हैं. शाम 6 बजे चुनाव का परिणाम आएगा.
धनखड़ के इस्तीफे के कारण चुनाव
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद पद खाली हुआ था. जिस वजह से चुनाव हो रहा है. धनखड़ ने अपने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर अपने पद से इस्तीफा दिया था. हालांकि विपक्ष का आरोप है कि सरकार के दबाव में उन्होंने पद छोड़ा था.

चिराग ने राधाकृष्णन की जीत का किया दावा
वहीं, मतदान करने के लिए संसद पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि एनडीए पूरी मजबूती से एकजुटता के साथ उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन के साथ खड़ा है. उन्होंने कहा कि कई विपक्ष के साथियों ने अपना विश्वास एनडीए कैंडिडेट को दिया है. बड़े अंतर के साथ सीपी राधाकृष्णन देश के अगले उपराष्ट्रपति बनेंगे.
गिरिराज का सुदर्शन रेड्डी पर निशाना
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार की जीत का दावा किया है. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार को कोई वोट क्यों देगा? उनकी करनी और कथनी में अंतर है.

कौन हैं विपक्षी उम्मीदवार?
विपक्ष की ओर से आंध्र प्रदेश के रहने वाले बी. सुदर्शन रेड्डी उप-राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं. वह सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश रह चुके हैं, जबकि सत्ता पक्ष की ओर से तमिलनाडु के रहने वाले सीपी राधाकृष्णन उप-राष्ट्रपति पद के कैंडिडेट हैं. वह महाराष्ट्र और झारखंड के राज्यपाल रह चुके हैं.



Leave a Reply