मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक धार्मिक झंडा उखाड़ने को लेकर बवाल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन का अमला गांव पहुंचा। शांति समिति के माध्यम से हालात पर काबू करने की कोशिश की जा रही है। उखाड़े गए झंडे को फिर से लगा दिया गया है। स्थिति नियंत्रण में है लेकिन दो पक्षों के बीच तनाव के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है। वरीय अधिकारी मोर्चा संभाल रहे हैं।

मामला सकरा थाना के भुट्टा चौक की है। थाना क्षेत्र के विशुनपुर बघनगरी पंचायत के भुट्टा चौक पर असामाजिक तत्वों ने एक गेट पर लगाए गए धर्म विशेष के झंडा को उखाड़ दिया। इसके बाद इलाके में अचानक तनाव की स्थिति बनने लगी। दोनों समुदायों के लोग जुटने लगे। इसी बीच ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी। डीएसपी टू मनोज कुमार के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शांति समिति के सदस्यों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बैठक कराई और उनके सहयोग से हालात को काबू में लिया। प्रशासन की देखरेख में फिर से उसी स्थान पर धार्मिक झंडे को स्थापित कर दिया गया। जिसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो सकी। हालांकि तनाव का माहौर बरकरार है जिसे देखते हुए पुलिस बलों की तैनाती की गयी है। वरीय अधिकारी हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक भुट्टा चौक के पास बने एक विशाल द्वार के पास काफी समय से धार्मिक झंडा लगा हुआ था। रविवार देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने उस झंडे को उखाड़ कर हटा दिया। सुबह जब लोगों ने यह देखा तो आक्रोश का माहौल बन गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग भुट्टा चौक पर जमा हो गए। हालात बिगड़ने की आशंका के बीच पुलिस पुलिस पहुंच गई

डीएसपी टू मनोज कुमार ने कहा कि झंडे को जगह पर लगा दिया गया है। अभी दोनों पक्ष शांत हैं। शांति समिति की बैठक की गयी है। सभी लोगों ने कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का आश्वासन दिया है। ऐहतियात के तौर पर पुलिस बल की मौजूदगी अभी बनी रहेगी।




Leave a Reply