MUZAFFARPUR

स्कूल में छात्र ने नहीं लगाई झाड़ू, फिर गुरुजी ने छात्र को दी ऐसी सजा

पटना : बिहार के एक स्कूल में गुरुजी ने मार-मार कर छात्र का पैर तोड़ दिया। मामला बिहारशरीफ का है। यहां लहेरी थाना क्षेत्र के मोरारपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षक द्वारा छात्र की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने पीटकर उसका पैर तोड़ दिया। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि उसने स्कूल में झाड़ू नहीं लगायी थी।

परिजनों ने प्राथमिकी के लिए एससी-एसटी थाने में आवेदन दिया है। पांचवी कक्षा के छात्र ब्रह्मस्थान निवासी प्रकाश कुमार रविदास के पुत्र सूरज कुमार का इलाज अस्पताल में कराया गया है। घटना शुक्रवार की है। पिता ने बताया कि शुक्रवार को वह स्कूल गया था। शिक्षक ने उसके साथ दो अन्य छात्रों को स्कूल की सफाई करने का आदेश दिया। उन्होंने क्लास रूम में झाड़ू लगाया पर बरामदे में सफाई नहीं की।

इसी बात पर शिक्षक भड़क उठे और तीनों छात्रों की बेरहमी से पिटाई कर दी। पिटाई से सूरज गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसके बाएं पैर की हड्डी टूट गयी। उसे सदर अस्पताल लाया गया। बुधवार को परिजन व कई लोग स्कूल पहुंच गये और आरोपित शिक्षक को बुलाने की मांग करने लगे। एससी-एसटी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.