MUZAFFARPUR

बिहार में राजस्व कर्मचारी घूस लेते गिरफ्तार, दाखिल खारिज के बदले मांगे थे रुपए

खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में निगरानी विभाग की टीम ने एक राजस्व कर्मचारी को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. राजस्व कर्मचारी सुरेंद्र सिंह अलौली अंचल कार्यालय में कार्यरत था. ये कार्रवाई उन अधिकारियों के लिए चेतावनी है, जो भ्रष्टाचार करते हैं.

दाखिल खारिज के बदले मांगे थे रुपए

मिली जानकारी के अनुसार परिवादी गुड्डू कुमार ने अपनी जमीन के दाखिल खारिज के लिए आवेदन दिया था, लेकिन राजस्व कर्मचारी सुरेंद्र सिंह ने आवेदन को रिजेक्ट कर दिया और काम कराने के लिए शुरुआत में 1 लाख रुपए की मांग की.

परिवादी ने निगरानी विभाग से की थी शिकायत

सौदेबाजी घटते-घटते 20 हजार रुपए पर तय हुई. इसी बीच परिवादी ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की. निगरानी विभाग ने मामले की जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए. जिसमें सुरेंद्र सिंह द्वारा घूस की मांग की पुष्टि हुई.

राजस्व कर्मचारी घूस लेते गिरफ्तार

घूस लेने की योजना पहले महिला थाना खगड़िया के बगल में स्थित एक चाय दुकान पर तय की गई थी, लेकिन फिर लेन-देन की जगह बदलकर खगड़िया से छेमा गांव जाने वाली सड़क पर हेलना पूल के पास तय हुई. यहीं पर निगरानी विभाग की टीम ने जाल बिछाया और घूस की रकम लेते ही सुरेंद्र सिंह को धर दबोचा.

भ्रष्ट अधिकारी को पटना लेकर गई टीम

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रुपए लेने की जल्दबाजी में आरोपी कर्मचारी के हाथ से कुछ नोट नीचे भी गिर गए थे, जिन्हें निगरानी विभाग की टीम ने मौके से उठाकर जब्त कर लिया है. बहरहाल गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम सुरेंद्र सिंह को अपने साथ पटना लेकर चली गई है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.