MUZAFFARPUR

सावधान! पटना, गया, बक्सर, भागलपुर.. 15 जिलों में बारिश का अलर्ट, 3 दिनों तक है झमाझम वर्षा

पटना: दक्षिण बिहार के जिलों में बारिश की गतिविधियों में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. तेज हवा के साथ गरज चमक और मूसलाधार बारिश देखने को मिल रही है. शुक्रवार को सबसे अधिक बारिश वाल्मिकीनगर में दर्ज किया गया. इसके अलावा पटना, जिरादेई, अरवल सहित कई जिलों में मूसलाधार बारिश रिकॉर्ड की गई.

यही स्थिति आने वाले दिनों में भयावह रूप ले सकती है. अगले दो से तीन दिनों तक मूसलाधार बारिश से दक्षिण बिहार के जिलों को राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है. इसका सबसे बड़ा कारण है मॉनसून की टर्फ लाइन. इसीलिए किसानों और आम लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है.

दक्षिण बिहार में ही क्यों हो रही है भयंकर बारिश

इन दिनों मॉनसून की द्रोणिका दक्षिण बिहार के गया जिले के उपर से गुजर रही है. इसके अलावा बंगाल की खाड़ी से नमी लेकर हवा चल रही है जो बिहार की ओर आ रही है. इस वजह से बिहार में इन दिनों बारिश की गतिविधियों में काफी हद तक बढ़ोतरी देखने को मिली है. 25 अगस्त तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा. उसके बाद गिरावट होने की संभावना है.

आज इन जिलों के लोग रहें सावधान

आज यानी 23 अगस्त को औरंगाबाद, गया, नवादा और कैमूर में अति भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा रोहतास, भोजपुर, बक्सर, पटना और जमुई में भारी बारिश होगी. गरज चमक और तेज हवा से लोगों को नुकसान झेलना पड़ सकता है. बेगूसराय, भागलपुर सहित दक्षिण बिहार के शेष जिलों में मूसलाधार बारिश और उत्तर बिहार के जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है.

शुक्रवार को डेहरी में सबसे ज्यादा बारिश

शुक्रवार को सबसे अधिक बारिश वाल्मिकीनगर में 53 मिमी, डेहरी में 49.2 मिमी, अरवल में 12.5 मिमी, छपरा में 8 मिमी और पटना में 7.6 मिमी बारिश हुई. इसके अलावा गयाजी, भागलपुर, औरंगाबाद और राजगीर में हल्की बारिश हुई.

यह आंकड़ा शुक्रवार शाम तक है. इसके बाद रात भर पटना, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण सहित कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई. सुबह से भी मौसम बारिश वाला ही बना हुआ है. रुक रुक कर बारिश हो रही है.

अबतक इतना फ़ीसदी बारिश की कमी

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, राज्य में अबतक सामान्य तौर पर 701.5 एमएम बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक सिर्फ 513.8 एमएम बारिश हुई है. यानी सामान्य से 27 प्रतिशत कम बारिश हुई है. कुछ दिन पहले यह कमी घटकर 20 प्रतिशत रह गई थी. लेकिन अब फिर से यह आंकड़ा कम होगा.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.