MUZAFFARPUR

शेखपुरा में पीके की बदलाव यात्रा सभा, बारिश के बावजूद भारी संख्या में समर्थकों की उमड़ी भीड़

शेखपुरा: शेखपुरा के बरबीघा विधानसभा क्षेत्र के मेहुस हाई स्कूल मैदान ने शुक्रवार (22 अगस्त 2025) को इतिहास रच दिया. बिहार बदलाव यात्रा के तहत आयोजित प्रशांत किशोर (पीके) की सभा देखने-सुनने के लिए 20 हजार से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी.

हालांकि सभा के दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई, लेकिन इसका असर जनसैलाब पर बिल्कुल भी नहीं पड़ा. लोग भीगते हुए कुर्सियां सिर पर रखकर पीके का संबोधन सुनते रहे.

हालांकि भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए प्रशांत किशोर को अपना संबोधन बीच में ही रोकना पड़ गया.इस बीच अचानक वे मंच पर से नीचे मैदान में उतर गए और युवाओं और लोगों से हाथ मिलाने लगे.

भारी बारिश के बीच भी पीके से हाथ मिलाने के लिए भी लोगों में काफी उत्साह देखा गया. पूरा भाषण नहीं होने के कारण हजारों लोगों को थोड़ी मायूसी तो हुई लेकिन प्रशांत किशोर ने कहा कि अगली बार आप लोगों से जल्द ही मुलाकात करेंगे.

प्रशांत किशोर का बयान

इस दौरान अपने संबोधन में प्रशांत किशोर ने कहा कि “पिछले 30 साल से बिहार की राजनीति पर वही चेहरे हावी हैं जिन्होंने सिर्फ अपना और अपने परिवार का भला किया. गरीब और आम जनता अब भी बदहाल है.अब वक्त आ गया है कि जनता बदलाव करे और अपने बच्चों के भविष्य के लिए नई दिशा चुने.

बिहार के नौजवानों के पास अपार संभावनाएं

उन्होंने कहा कि बिहार के नौजवानों के पास अपार संभावनाएं हैं, लेकिन उन्हें सही अवसर और सही नेतृत्व नहीं मिला.हमें ऐसा बिहार बनाना है जहां शिक्षा और रोजगार की व्यवस्था यहीं हो, ताकि किसी को पलायन न करना पड़े.पीके ने कहा कि आने वाले समय में अगर जनता उनके साथ आती है तो शिक्षा और स्वास्थ्य को नई मजबूती दी जाएगी.

उन्होंने कहा, जाति और धर्म की राजनीति ने बिहार को पीछे धकेल दिया है. अब वक्त है कि लोग इससे ऊपर उठकर अपने बच्चों के भविष्य और बिहार के विकास के बारे में सोचें.सभा स्थल पर मौजूद भीड़ का उत्साह बारिश से भी कम नहीं हुआ. लोग लगातार नारों और तालियों से पीके का स्वागत करते रहे.माहौल में उत्साह और उम्मीद दोनों झलक रहा था.

 

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.