पटना: बिहार चुनाव से पहले बीजेपी ने आरजेडी को एक बड़ा झटका दिया है. पीएम नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर विपक्ष हमलावर है और लगातार बयानबाजी की जा रही है. लालू यादव ने तो यहां तक कह दिया था कि पीएम मोदी नीतीश की राजनीति और जेडीयू का पिंडदान करने गया आ रहे हैं. ऐसे में इसका जवाब नरेंद्र मोदी ने बिना कुछ कहे दिया है. पीएम की सभा के दौरान मंच पर सीएम नीतीश कुमार के साथ ही एनडीए के तमाम शीर्ष नेता मौजूद हैं, लेकिन इस दौरान चर्चा का विषय आरजेडी के दो विधायक हैं. इन दोनों की मौजूदगी ने बिहार की राजनीति का पारा हाई कर दिया है.

RJD में बड़ी टूट!
आरजेडी के दो विधायक पीएम मोदी के मंच पर विराजमान दिखे. आरजेडी विधायक विभा देवी की मौजूदगी से आरजेडी में खलबली मची है. वहीं प्रकाश वीर के भी बीजेपी में शामिल होने की खबरें हैं.

विभा देवी के बारे में जाने
नवादा से राष्ट्रीय जनता दल की विधायक विभा देवी हैं. विभा देवी RJD के पूर्व MLA राजबल्लभ यादव की पत्नी हैं. अभी हाल ही में पोक्सो मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे आरजेडी के पूर्व विधायक राजबल्लभ यादव को पटना हाईकोर्ट से राहत मिली है. उन्हें बरी कर दिया गया है. पति के बरी होने के बाद से विभा देवी के बीजेपी में जाने के कयासों का बाजार गरम था. आज तमाम अटकलों पर विराम लग गया है. कहा जा रहा है कि विभा देवी आरजेडी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो सकती हैं.

प्रकाश वीर के बारे में जाने
प्रकाश वीर रजौली से विधायक हैं. उनके आरजेडी छोड़ने की चर्चा कुछ महीनों से हो रही है. तेजस्वी यादव जब नवादा गए थे, उस समय भी प्रकाश वीर की टिकट कटने की बात कही गई थी. वहीं अब बीजेपी के मंच पर प्रकाश वीर के मौजूद रहने से आरजेडी को जोर का झटका लगा है. प्रकाश वीर 2020 में आरजेडी की टिकट पर एमएलए बने थे. उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी कन्हैया कुमार को हराया था.

लालू ने किया था पीएम पर हमला
पीएम मोदी के गयाजी दौरे के पहले आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव और तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी और नीतीश कुमार पर सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से हमला किया था. लालू ने एक वीडियो साझा करते हुए कटाक्ष किया था. उन्होंने कहा था कि गयाजी पिंडदान के लिए विख्यात है. पीएम वहां नीतीश की राजनीति और उनकी पार्टी का पिंडदान करने आ रहे हैं.

नवादा में 6 विधानसभा सीटें
नवादा लोकसभा सीट के अंतर्गत विधानसभा की छह सीटें आती हैं. इनमें नवादा जिले से नवादा, हिसुआ, वारिसलीगंज, गोविंदपुर और रजौली, जबकि शेखपुरा जिले से बरबीघा विधानसभा सीट शामिल है.




Leave a Reply