MUZAFFARPUR

विशेष राज्य की बात करने वालों के मुंह पर तमाचा लगा; बिहार में मोदी के काम गिनाकर बोले जीतनराम मांझी

बिहार : हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा- सेकुलर (हम) के नेता और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में इतना ज्यादा काम किया है कि विशेष राज्य के दर्जा की बात करने वालों के मुंह पर तमाचा लगा है। पीएम मोदी बिहार में हजारों करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने शुक्रवार को गयाजी पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मंच पर मौजूदगी के बीच एक सरकारी समारोह में मांझी का स्पेशल स्टेटस की बात करने वालों को तमाचा लगने की बात कहना राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ सकता है, क्योंकि नीतीश के जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने लंबे समय तक इस मुद्दे पर राजनीति की है।

प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में सबसे पहले भाषण का मौका गयाजी के सांसद और केंद्रीय मंत्री मांझी को मिला। उन्होंने मगध इलाके में प्रचलित बोली मगही में भाषण करते हुए पीएम मोदी के काम की तारीफ की और कहा- “इतना काम ये किए हैं, सब जगह, भारत में और बिहार के लिए विशेष कर। बिहार के लिए इतना ज्यादा काम किए हैं कि बिहार के लिए स्पेशल राज्य का दर्जा देने वाली बात करने वाले लोगों के मुंह पर एक तरह से तमाचा लगा है। उससे ज्यादा आज काम हुआ है।”

पीएम नरेंद्र मोदी गयाजी की सभा में खुली जीप पर सीएम नीतीश, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ वहां बड़ी संख्या में आए लोगों का अभिवादन करते हुए मंच तक पहुंचे। मंच पर इन सबके अलावा राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, चिराग पासवान समेत राष्ट्रीय जनातंत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कई नेता मौजूद हैं। पीएम गया के बाद बेगूसराय भी जाएंगे जहां वो गंगा नदी पर बने नए सड़क पुल का उद्घाटन करेंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.