MUZAFFARPUR

मुजफ्फरपुर : हताश मां ने मेडिकल को सौंप बच्ची, एनआईसीयू में भर्ती

मुजफ्फरपुर : एसकेएमसीएच में प्रसव के बाद नवजात बदलने का मालला दूसरे दिन भी गरमाया रहा। विजय छपरा के चंचला के परिजनों ने बुधवार की सुबह एमसीएच में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने बेटे की जगह मिली नवजात बच्ची को अस्पताल को सौंप दिया।

बच्ची को एनआईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी देखभाल नर्स कर रही है। वहीं, परिजनों ने मेडिकल ओपी में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इसको लेकर बुधवार को पूरे दिन मेडिकल परिसर में अफरातफरी मची रही। मेडिकल ओपी प्रभारी राजकुमार गौतम ने बताया परिजनों के आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

दर्जनों की संख्या में पहुंचे परिजनों ने सुबह में एमसीएच में हंगामा करने की कोशिश की। सभी को समझाकर शांत करा दिया गया। परिजनों को आश्वासन दिया गया है। वहीं, चंचला के पति अजीत कुमार ने पुलिस को बताया नवजात बच्ची दूसरे की है। वह अस्वस्थ्य है, इसलिए एनआईसीयू में भर्ती करा अस्पताल को सौंप दिया गया है। गायनी की एचओडी डॉ प्रतिमा कुमारी ने बताया जांच में सामने आया है कि विजय छपरा के अजीत कुमार की पत्नी चंचला कुमारी ने पुत्र को जन्म दिया था।

प्रसव कक्ष में ड्यूटी कर रही नर्स ने चंचला के साथ प्रसव करने आई महिला परिजनों को लड़का देकर रिसीव भी कराया है। परिजन बच्चे को लेकर घर चले गए, फिर दो-तीन घंटे बाद एमसीएच में आकर बच्चा बदलने का आरोप लगाया है। चूक किससे हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस भी जांच कर रही है।

सोमवार की देर रात से मंगलवार की सुबह तक जन्म लिए बच्चों के घर का पता पुलिस को सौंप दिया गया है। इधर, एसकेएमसीएच उपाधीक्षक डॉ सतीश कुमार सिंह ने बताया चंचला ने पुत्र को जन्म लिया था। उसके परिजनों को नर्स ने बच्चा सौंप दिया था। चूक कहां हुई, अस्पताल प्रशासन इसकी जांच कर रहा है। डीएनए जांच के लिए कोर्ट से निर्देश मिलेगा तो नवजात की जांच कराई जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.