MUZAFFARPUR

बिहार में NIA की रेड से हड़कंप, AK-47 मामले में हाजीपुर में सुबह-सुबह पहुंची टीम

वैशाली: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की अचानक कार्रवाई से हड़कंप मच गया है. हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र के डाक बंगला चौक स्थित राजू राय के घर पर एनआईए की टीम ने सुबह-सुबह छापेमारी शुरू की. इस दौरान स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही और पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा रहा. सूत्रों के अनुसार एके-47 से जुड़े मामले को लेकर छापा मारा जा रहा है.

हाजीपुर में एनआईए का छापा

सूत्रों के अनुसार, यह छापा बीते दिनों मुजफ्फरपुर में एके-47 की बरामदगी से जुड़ा है. एनआईए ने मुजफ्फरपुर में भी पिछले दिनों छापा मारा था. अब राजू राय के घर पर टीम पहुंची है. राजू राय स्टैंड संचालक बताए जाते हैं. फिलहाल इस छापेमारी के बारे में एनआईए या पुलिस की ओर से कुछ भी नहीं कहा जा रहा है.

राजू राय से पूछताछ जारी

बताया गया है की टीम में छह लोग शामिल हैं. एक गाड़ी से पहुंचकर पूरे घर को 5 घंटे से टीम सर्च कर रही है. वहीं राजू राय से भी पूछताछ करने में टीम लगी हुई है. मुजफ्फरपुर जिले के एक मुखिया के घर से मिले एके -47 बरामदगी मामले में एनआईए की टीम लगातार जांच पड़ताल करने में लगी हुई है.

मुजफ्फरपुर में हुई थी छापेमारी

बता दें कि इसी साल जनवरी में मुजफ्फरपुर में कुढ़नी पंचायत के मुखिया नंदकिशोर यादव उर्फ भोला राय के घर एनआईए ने छापा मारा था. इस दौरान मुखिया घर से गायब थे. उनकी पत्नी से टीम पूछताछ करके वापस चली गई थी.

2024 में AK-47 की बरामदगी

एनआईए मुखिया की थार गाड़ी अपने साथ ले गई थी. इससे पहले दिसंबर 2024 में मुखिया के मनकौली स्थित घर पर छापा मारा गया था. टीम ने छापेमारी में एके 47 बरामद किया था. कई घंटे तक हाजीपुर में छापेमारी के बाद वापस पटना NIA की टीम लौट गई थी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.