पटना: लालू यादव के बड़े लाल और हसनपुर से विधायक तेज प्रताप यादव ने मनेर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव का बिगुल फूंका. बैंड बाजे और घोड़े के साथ लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव ने मनेर में रोड शो किया. इस दौरान जब मीडिया ने उनसे सीएम बनने को लेकर सवाल किया तो तेज प्रताप यादव को गुस्सा आ गया और उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आप ही सीएम बन जाइये. साथ ही चुनाव को लेकर अपनी आगे की रणनीति भी साझा की.

मनेर में तेज प्रताप का रोड शो
बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसको लेकर सारी पार्टियां अपने-अपने तैयारी में जुट गई हैं. वहीं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने यादवों का गढ़ कहे जाने वाले मनेर विधानसभा मे रोड शो कर अपने शक्ति का प्रदर्शन किया.

समर्थकों ने उड़ाई ट्रैफिक नियम की धज्जियां
रोड शो के दौरान हजारों की संख्या में तेज प्रताप यादव के समर्थकों ने जगह-जगह उनका स्वागत फूल मालाओं से किया. इस दौरान तेज प्रताप के समर्थकों के द्वारा ट्रैफिक नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं. राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर कई समर्थक बाइक स्टंट करते दिखे.

कितनी सीटों पर लड़ेंगे चुनाव?
तेज प्रताप ने अपने पार्टी की टिकट पर युवाओं की मांग पर सभी जगह अपने प्रत्याशी उतारने की बात कही है. खुद को मुख्यमंत्री बनने के सवाल को काटते हुए कहा कि हमें जनता की सेवा करनी है. युवाओं को रोजगार देना है.

तेजस्वी पर क्या बोले तेज प्रताप
वहीं अपने छोटे भाई तेजस्वी के द्वारा महागठबंधन के द्वारा निकाले जा रहे वोटर बचाओ अभियान को लेकर कहा कि हर कोई अपने-अपने तरीके से लोगों को खुश करने में जुटा है. सभी को अधिकार है अपना समर्थन लेने का.

तेज प्रताप ने VVIP से किया गठबंधन
बता दें कि बीते दिनों तेज प्रताप यादव ने VVIP पार्टी से गठबंधन कर लिया था. बिहार विधानसभा चुनाव में ‘हेलीकॉप्टर बाबा’ के साथ मिलकर प्रत्याशी को मैदान में उतारने की तैयारी में हैं. प्रदीप निषाद की विकास वंचित इंसान पार्टी और टीम तेज प्रताप के बीच गठबंधन हो गया है.




Leave a Reply