मुजफ्फरपुर: आज 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवा रक्तदाता ग्रुप की ओर से सोनारपट्टी पुरानी बाज़ार स्थित पार्वती देवी स्वर्णकार विवाह भवन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर सह रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 26 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में सभी रक्तवीरों को सर्टिफिकेट और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के सूत्रधार एवं संस्थापक गोपी मेहता ने कहा कि “स्वतंत्रता दिवस सिर्फ झंडा फहराने और परेड देखने का दिन नहीं, बल्कि देश के लिए कुछ करने का संकल्प लेने का दिन है। आज 26 लोगों ने अपनी रगों का खून देकर किसी की जिंदगी बचाने की ठानी है। यह असली देशभक्ति है। हम चाहते हैं कि मुज़फ्फरपुर के हर मोहल्ले में, हर गली में रक्तदाता खड़े हों, ताकि कोई भी जिंदगी खून की कमी से न जाए।”


वहीं मौके पर मिठनपुरा थाना में कार्यरत सिपाही कृष्णनंदन कुमार ने भी रक्तदान कर एक अनूठी मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि “मैं पुलिसकर्मी हूं और रोज़ ड्यूटी पर लोगों की सुरक्षा करता हूं, लेकिन आज का दिन मेरे लिए खास है। वर्दी में रहते हुए मैंने कई बार लोगों को मुसीबत से निकाला है, लेकिन आज महसूस हुआ कि खून देकर किसी को जिंदगी देना एक अलग ही संतोष देता है।


आजादी हमें सिर्फ अधिकार नहीं, जिम्मेदारी भी देती है, और मैं चाहता हूं कि हर युवा साल में कम से कम एक बार रक्तदान जरूर करे। यह भी देशभक्ति का एक रूप है।”मौके पर अनिल कुमार अनल, मनोज सिंह, मयंक राज, विवेक कुमार, प्रमोद गोस्वामी, दीपांशु, सोनू पाराशर, सुजीत, रौशन कश्यप, आकाश बाबू, रेयान सूर्यवंशी, रोहित राज, सूरज सिंघानिया, संकेत सराफ, विकास रजक, राजू भोजपुरिया सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

















Leave a Reply