पटना : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस बार शनिवार को है. पटना के बुद्ध मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर में तैयारियां चरम पर हैं. हर ओर भक्ति और उल्लास का माहौल है. मंदिर प्रांगण को सजाने-संवारने का कार्य लगातार जारी है. इस बार की भव्यता को देखते हुए मंदिर प्रबंधन द्वारा श्रद्धालुओं की भीड़ का नया रिकॉर्ड बनने की संभावना जताई जा रही है.

वृंदावन की थीम पर सजेगा बांके बिहारी का दरबार
नंद गोपाल दास ने बताया कि शुक्रवार तक मंदिर परिसर में बैंकॉक और मॉरीशस के अलावा चेन्नई, बेंगलुरु और पुणे से 8 टन ताजे फूल पहुंच चुके हैं. इन फूलों से बांके बिहारी के दरबार को सजाया जाएगा. इस बार की सजावट की खास थीम ‘वृंदावन’ है, ताकि श्रद्धालुओं को ऐसा महसूस हो कि वे वास्तव में वृंदावन में ही हैं. फूलों की महक और रंग-बिरंगी साज-सज्जा भक्तों को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव देगी.

बरसात में भी नहीं थमेगा उत्सव
बरसात के मौसम को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने पूरा इंतजाम किया है. मंदिर प्रांगण में वॉटरप्रूफ पंडाल लगाए गए हैं, जिससे भक्त आराम से दर्शन कर सकें. मंदिर के उत्तरी और दक्षिणी छोर पर बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग की गई है, ताकि भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके. पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग पंक्तियों की व्यवस्था भी की गई है. अलग-अलग पंक्तियों की व्यवस्था सड़क से लेकर मंदिर के दूसरे दल पर स्थित बांके बिहारी के दरबार तक है.

भक्तों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था
नंद गोपाल दास ने बताया कि श्रद्धालुओं के सुविधा के लिए बांके बिहारी के दरबार में प्रसादम के लिए इस बार तीन से पांच पुजारियों की तैनाती की गई है. पहले केवल एक पुजारी प्रसाद चढ़ाते थे, जिससे भीड़ अधिक हो जाती थी और समय लगता था. अब अधिक पुजारी होने से भीड़ का प्रवाह बेहतर ढंग से नियंत्रित होगा और श्रद्धालुओं को जल्दी-जल्दी दर्शन और प्रसाद चढ़ाने का अवसर मिलेगा.

सुबह 7 बजे से रात 1 बजे तक खुला रहेगा दरबार
नंद गोपाल दास ने बताया कि शनिवार को जन्माष्टमी के अवसर पर सुबह 7 बजे से बांके बिहारी के दर्शन प्रारंभ होंगे और देर रात 1 बजे तक दरबार भक्तों के लिए खुला रहेगा. मायापुरी और वृंदावन से विशेष भजन-कीर्तन मंडलियां आ रही हैं, जो पूरे दिन भगवान के गुणगान से वातावरण को मंत्रमुग्ध कर देंगी. दिन के 12:00 जन्माष्टमी कार्यक्रम का विशेष उद्घाटन होगा.






Leave a Reply