MUZAFFARPUR

बिहार के इन जिलों में भारी बारिश की संभावना, सारण में बाढ़ को लेकर रेड अलर्ट

पटना: बिहार में बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. कई जिलों में मंगलवार को नदियों के जल ग्रहण क्षेत्रों में हल्की से साधारण वर्षा होने की संभावना है. वहीं बाढ़ को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है. कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है.

इन जिलों में भारी बारिश

पूर्वी और पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मधेपुरा और कटिहार में भारी बारिश की संभावना है. इन जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया में अति भारी बारिश की संभावना है. इन जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

इन जिलों में आंधी-तूफान और वज्रपात

मौसम विभाग ने पूरे बिहार में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और वज्रपात की संभावना जतायी है. मौसम विभाग ने राज्य में 16 अगस्त तक पूर्वानुमान जारी किया है. 12 अगस्त को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज में अति भारी बारिश होगी. सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी में भारी बारिश की संभावना है.

सारण में बाढ़ को लेकर रेड अलर्ट

इधर, बाढ़ नियंत्रण विभाग ने सारण जिले में बाढ़ को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. गंगा के आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ की संभावना है. विभाग ने बताया कि बुधवार की रात तक गंगा का जलस्तर मंगलवार की तुलना में 40 सेंटीमीटर से ज़्यादा गिरने की उम्मीद है. पानी कम होने से नदी किनारे कटाव ज्यादा होगा, ऐसे में सावधानी बरतने की अपील है.

पटना में नदी का जलस्तर

केन्द्रीय जल आयोग ने बिहार के विभिन्न नदियों के जलस्तर की रिपोर्ट जारी की है. सोमवार को पटना के दीघाघाट में गंगा नदी का जलस्तर आज खतरे के निशान से 58 सेंटीमीटर ऊपर था. इसके जलस्तर में मंगलवार तक 35 सेंटीमीटर की कमी होने की संभावना है. गांधीघाट पटना में गंगा नदी का जलस्तर सोमवार को खतरे के निशान से 114 सेंटीमीटर ऊपर था. इसके जलस्तर में मंगलवार को 36 सेंटीमीटर की कमी होने की संभावना है. हाथीदाह में गंगा नदी का जलस्तर 131 सेंटीमीटर ऊपर था. यहां 22 सेंटीमीटर की कमी होने की संभावना है.

पुनपुन नदी के जलस्तर में कमी

पटना के श्रीपालपुर में पुनपुन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 148 सेंटीमीटर ऊपर था. आज 32 सेंटीमीटर की कमी होने की संभावना है. मनेर में सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 72 सेंटीमीटर ऊपर था. मंगलवार को 33 सेंटीमीटर कमी की संभावना है.

मुंगेर में जलस्तर

मुंगेर में गंगा नदी का जलस्तर सोमवार को खतरे के निशान से 55 सेंटीमीटर ऊपर था. मंगलवार को जलस्तर में 23 सेंटीमीटर की कमी होने की संभावना है. भागलपुर में गंगा 97, कहलगांव में 173 सेमी खतरे के निशान से ऊपर थी. मंगलवार को क्रमश: 10 सेमी और 13 सेमी कमी की संभावना है.

इन जिलों में जलस्तर कम होने की संभावना

सिवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली, गोपालगंज, खगड़िया, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सुपौल, कटिहार, पूर्णिया, अररिया जले में सोमवापर तक जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर था. हालांकि मंगलवार को कमी की संभावना है. हालांकि इसके बावजूद नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.